West Bengal Assembly Election 2026 : मिर्जापुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने बुधवार को भरोसा जताया कि पार्टी पश्चिम बंगाल में ‘‘प्रचंड बहुमत’’ के साथ अपनी सरकार बनाएगी। राज्य में चल रहे विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 निर्वाचन क्षेत्रों पर मतदान जारी है। इस चरण में कोलकाता, हावड़ा और उत्तर व दक्षिण 24 परगना जैसे अहम जिले शामिल हैं, जिससे चुनाव और भी निर्णायक बन गया है। यह चुनाव सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की चुनौती और भाजपा के लिए राज्य में पहली बार सरकार बनाने का बड़ा अवसर माना जा रहा है। इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में 93 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था, जो मतदाताओं के उत्साह को दर्शाता है।
जनता देगी प्रचंड बहुमत, दूसरे चरण में 142 सीटों पर जारी मतदान
मिर्जापुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और पार्टी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चुनाव परिणाम राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। नवीन ने मिर्जापुर में पत्रकारों से कहा, भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी। हम प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत रहे हैं। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष ने विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

अनुष्ठान उनके पुरोहित आचार्य अगस्त्य कुमार द्विवेदी ने कराए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जिले के पहले दौरे पर आए नितिन नवीन का पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर स्वागत किया। मंदिर में उनका स्वागत विधायक रत्नाकर मिश्रा और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने किया, जिन्होंने उन्हें पारंपरिक ‘अंगवस्त्रम’ भेंटकर सम्मानित किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करने के बाद नवीन ने एक होटल में स्थानीय विधायक रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य और मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल के साथ बैठक की। पटेल ने कहा कि नवीन ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों की सेवा पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, जिला उपाध्यक्ष गौरव उमर, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी समेत पार्टी के कई नेता, महिला कार्यकर्ता और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि दौरे के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई और क्षेत्राधिकारी स्तर के कई अधिकारी तैनात किए गए थे।



