Wednesday, May 6, 2026
HomeLatest Newsभाजपा का पलटवार, सीएम भगवंत मान की टिप्पणी पर उठाऐ सवाल, कहा-...

भाजपा का पलटवार, सीएम भगवंत मान की टिप्पणी पर उठाऐ सवाल, कहा- बयान विभाजनकारी, राजनीति के लिए किया गया इस्तेमाल

पंजाब में जालंधर और अमृतसर में हुए दो विस्फोटों के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है। भगवंत मान ने भाजपा पर चुनाव से पहले डर फैलाने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बयान बताया। संबित पात्रा ने प्रारंभिक जांच में आईएसआई कनेक्शन के संकेत होने की बात कही, जिससे विवाद और गहरा गया।

Punjab Blast News : नई दिल्ली। पंजाब में हुए दोहरे विस्फोट के बाद राज्य की राजनीति में तीखा टकराव देखने को मिल रहा है। मंगलवार रात जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर और अमृतसर के खासा सैन्य क्षेत्र के पास हुए धमाकों ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा राज्य में डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। मान ने इन विस्फोटों को “मामूली” बताते हुए कहा कि जनता को भयभीत कर राजनीतिक लाभ लेने की रणनीति अपनाई जा रही है। वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री के बयान को निंदनीय और गैर-जिम्मेदाराना बताया। पार्टी का कहना है कि बिना जांच पूरी हुए इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है। भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मान ने प्रारंभिक जांच में सामने आए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संभावित लिंक को नजरअंदाज किया है।

भाजपा लोगों को डराकर वोट हासिल करना चाहती है : भगवंत मान

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और उन्होंने (भाजपा) कहा है कि अब पंजाब की बारी है, जिससे संकेत मिलता है कि ये मामूली विस्फोट पंजाब विधानसभा चुनावों की उनकी तैयारी का हिस्सा हैं। मान ने कहा कि भाजपा लोगों को डराकर वोट हासिल करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी हमेशा हिंसा भड़काकर और जनता को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मान पर पलटवार करते हुए उनकी टिप्पणी को “निंदनीय” करार दिया। उन्होंने मान पर जांच के निष्कर्षों का इंतजार किए बिना राजनीति से प्रेरित टिप्पणियां करने का आरोप लगाया।

पात्रा ने यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पंजाब एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है और स्वाभाविक रूप से वहां चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाती है। मुख्यमंत्री का दिया हर बयान महत्वपूर्ण होता है। किसी भी जांच रिपोर्ट का इंतजार किए बिना, भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल के इशारे पर और राजनीतिक लाभ के लिए ऐसा बयान दिया। यह निंदनीय है।” भाजपा प्रवक्ता ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के एक बयान का हवाला देते हुए दावा किया कि शुरुआती जांच में दोनों विस्फोट में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की संलिप्तता के संकेत मिलते हैं।

संबित पात्रा ने ISI कनेक्शन का किया जिक्र

पात्रा ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान और आईएसआई ने समय-समय पर आतंकवादी गतिविधियों के जरिये पंजाब और जम्मू-कश्मीर में अशांति पैदा करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि दोनों विस्फोट की जांच जारी है। पात्रा ने कहा, “यह पहली बार नहीं है, जब इस तरह के प्रयास किए गए हैं। पाकिस्तान और आईएसआई समय-समय पर आतंकवादियों के माध्यम से पंजाब और जम्मू-कश्मीर में ऐसी स्थिति पैदा करने की कोशिश करते रहे हैं। उन्होंने कहा, जांच जारी है। लेकिन अरविंद केजरीवाल के इशारे पर दिया गया बयान विभाजनकारी और देश के लिए हानिकारक है। यह एक असंवेदनशील और निंदनीय बयान है।

भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के शासन में पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में विस्फोट, ग्रेनेड हमले, ‘गैंगवॉर’ और हत्या की घटनाएं बढ़ गई हैं। पूनावाला ने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार “माफिया और कट्टरपंथी तत्वों के साथ मिलीभगत” कर रही है। उन्होंने ‘आप’ सरकार पर पार्टी नेताओं को “वीवीआईपी सुरक्षा” प्रदान करने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल करने और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय “प्रतिशोध की राजनीति” में लिप्त होने का भी आरोप लगाया।

पूनावाला ने ‘आप’ को पंजाब के लिए “अभिशाप” करार देते हुए कहा कि पार्टी के शासन में राज्य की वित्तीय, सामाजिक, कृषि और सुरक्षा स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने ‘आप’ पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल की “प्रतिशोध की राजनीति” को आगे बढ़ाने के लिए पंजाब पुलिस का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया। इससे पहले, मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा पर पंजाब में नफरत फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “बंगाल फॉर्मूला” पंजाब में काम नहीं करेगा। मान ने लिखा, पंजाब की धरती पर नफरत के बीज बोने वाले कभी सफल नहीं होंगे। भाजपा को अपनी घृणित पैंतरेबाजी और डर की राजनीति से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, पंजाब गुरुओं और पीरों की भूमि है; बंगाल का फॉर्मूला यहां काम नहीं करेगा। पंजाबी लोग अपनी शांति और सद्भाव की रक्षा करना बखूबी जानते हैं।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular