Rajasthan News: बीजेपी विधायक बाबा बालकनाथ की सेन समाज को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर बवाल हो गया है. मामला इस कदर बिगड़ा की बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को खुद माफी मांगनी पड़ी. दरअसल, विधायक की इस विवादित टिप्पणी के विरोध में सेन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बीजेपी मुख्यालय पहुंचकर मदन राठौड़ से मुलाकात की और विरोध दर्ज कराते हुए बालकनाथ से सार्वजनिक माफी की मांग रखी. इतना ही नहीं उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि विधायक माफी नहीं मांगते हैं तो आने वाले दिनों में समाज सड़क पर उतकर आंदोलन करेगा.
विधायक बालकनाथ ने मांगी माफी
इधर विवाद बढ़ा तो विधायक बालकनाथ ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट कर माफी मांगी,लिखा- पिछले दिनों मेरे विधानसभा क्षेत्र टपूकडा में चल रहे विकास कार्य में गड़बड़ी के दौरान मौके पर पहुंचकर घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, इस दौरान मैरे द्वारा कहे गये शब्दों में कहीं किसी भी तरह से किसी जाति अथवा समाज के लिए गलत भाव प्रकट करने का कोई उद्देश्य नहीं था. इसके बाद भी यदि मेरे द्वारा कहे गये किसी भी शब्द से सेन समाज की भावना आहत हुई हैं तो उसके लिए मैं खेद प्रकट करता हूं. आशा है समस्त सेन समाज मेरे मनोभाव को समझते हुए पूर्व की भांति अपना सहयोग और स्नेह बनाए रखेंगे.

मदन राठौड़ ने भी मांगी माफी
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने विधायक के बयान पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को किसी समाज के लिए इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने सेन समाज से मुलाकात के बाद कहा कि “परिवार के मुखिया” होने के नाते वे इस टिप्पणी पर माफी मांगते हैं और विधायक से भी इस मुद्दे पर बात की गई है।
क्या है पूरा मामला ?
पूरा मामला टपूकड़ा कस्बे में इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान शुरू हुआ. दरअसल स्थानीय लोगों की शिकायत पर विधायक मौके पर पहुंचे और निर्माण की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और मौके पर ही जेईएन छोटेलाल मीणा से फोन पर बात कर कड़ी फटकार लगाई. इसी दौरान विधायक ने कथित तौर पर अधिकारी से पूछा-‘तुम नाई हो या जेईएन हो, बीटेक किया है या कुछ और?” इस टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया. सेन समाज ने इसे अपमानजनक माना, जिसके बाद जिले से लेकर पूरे प्रदेश में विरोध शुरू हो गया.
ये भी पढ़ें: मई 2026 में भारत में लॉन्च होंगी 4 नई कारें, खरीदने का प्लान है तो देखे लें ये लिस्ट



