RCB vs LSG : लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग में पिछली हार से सबक लेते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अब वापसी के इरादे से मैदान में उतरने को तैयार है। बल्लेबाजी के पूरी तरह फ्लॉप रहने के कारण टीम शीर्ष स्थान हासिल करने का सुनहरा मौका गंवा बैठी थी, लेकिन अब उसका फोकस अगला मुकाबला जीतकर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत करना है। गुरुवार को आरसीबी का सामना अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर मौजूद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होगा। इस मुकाबले में टीम अपनी बल्लेबाजी लय वापस पाने के इरादे से उतरेगी। फिलहाल आरसीबी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, लेकिन उसके 12 अंक चार अन्य टीमों के बराबर हैं, जिससे प्लेऑफ की रेस बेहद कड़ी हो गई है। अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मिली चार विकेट की हार को भुलाकर टीम को जल्द वापसी करनी होगी, ताकि वह शीर्ष स्थान की दौड़ में बनी रह सके।
आरसीबी के लिए ‘करो मरो का मुकाबला’
गुजरात के खिलाफ उस मैच में आरसीबी की बल्लेबाजी नाटकीय रूप से धराशायी हो गई थी। एक समय उसका स्कोर दो विकेट पर 79 रन था जो जल्द ही छह विकेट पर 96 रन हो गया और आखिर में उसकी टीम 155 रन पर आउट हो गई। आरसीबी के बल्लेबाज भले ही इस मैच में लड़खड़ा गए थे लेकिन वह दमदार वापसी करने में सक्षम हैं। उसके बल्लेबाजों ने अब तक आक्रामक खेल दिखाया है और लखनऊ के खिलाफ भी वह इसे जारी रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 379 रन बनाए हैं, वहीं देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नियमित सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट के उंगली में चोट के कारण बाहर होने से कोहली के साथ विस्फोटक शुरुआत देने की जिम्मेदारी जैकब बेथेल पर होगी।

आरसीबी की टीम को एक सप्ताह के विश्राम का मौका मिला है और उसकी टीम इस मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी की तुलना में अधिक तरोताजा होकर उतरेगी। जहां तक एलएसजी का सवाल है तो उसका प्रदर्शन अभी तक निराशाजनक रहा है। वह पिछले छह मैचों में हार झेलने के कारण अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। इस बीच उसे कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टाई रहे मैच में सुपर ओवर में भी हार का सामना करना पड़ा था। उसे पिछले मैच में मुंबई इंडियंस ने छह विकेट से करारी शिकस्त दी थी। एलएसजी का अभियान लगातार खराब प्रदर्शन, रणनीतिक अस्थिरता और मैचों का सकारात्मक अंत नहीं कर पाने के कारण कारण बिखर गया है। मिचेल मार्श, कप्तान ऋषभ पंत, एडन मार्क्रम और निकोलस पूरन जैसे प्रमुख बल्लेबाज अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं। इसके अलावा बल्लेबाजी क्रम में बार-बार फेरबदल ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पंत के सीमित ओवरों की क्रिकेट में प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ऐसे में एलएसजी के बल्लेबाजों के लिए अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड की अगुवाई वाले आरसीबी के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना आसान नहीं होगा। भुवनेश्वर और हेजलवुड की जोड़ी बेहद प्रभावी साबित हुई है। उनके शानदार प्रदर्शन से आरसीबी ने 27 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स को मात्र 75 रन पर ढेर कर दिया था। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर विकेट लेने में किसी तरह की कोताही नहीं बरत रहे हैं जबकि हेज़लवुड ने लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी की है। क्रुणाल पंड्या ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ विकेट लिए हैं। पिछले मैच में सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। एलएसजी के लिए प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने क्रमशः 13 और 10 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। मोहम्मद शमी ने सत्र की दमदार शुरुआत की थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और उन्होंने जमकर रन लुटाए हैं। आरसीबी ने पहले चरण में एलएसजी को पांच विकेट से हराया था और उसकी टीम काफी आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।
टीम इस प्रकार हैं:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल।
लखनऊ सुपर जायट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, अक्षत रघुवंशी, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एडेन मार्क्रम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, अवेश खान, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, एनरिक नोर्किया, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, अर्जुन तेंदुलकर, नमन तिवारी, मयंक यादव। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।



