नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के पूर्व प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर दिल्ली में सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को BJP महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेतृत्व से सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और अकोइजम के पुतले जलाए और कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा। BJP महिला मोर्चा का आरोप है कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की बात करने वाले राहुल गांधी इस मामले पर चुप क्यों हैं। पार्टी ने कांग्रेस से अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
11 छात्राओं की शिकायतों के बाद कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, JNU की 11 छात्राओं ने अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों की विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने जांच की। इसके बाद 9 अक्टूबर को JNU प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रोफेसर के पद से बर्खास्त कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
मामले में 12 अक्टूबर को एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया। दिल्ली पुलिस ने JNU के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर अकोइजम के खिलाफ FIR दर्ज की। पुलिस ने बताया कि मामले में महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराएं लगाई गई हैं और जांच जारी है।
अकोइजम ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, अकोइजम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अपनी बर्खास्तगी को कथित राजनीतिक प्रताड़ना बताया। उनका कहना है कि जांच के दौरान प्रक्रियागत अनियमितताएं हुईं। इन दावों पर भी विवाद जारी है।



