नई दिल्ली। भाजपा ने Gen-Z यानी युवा मतदाताओं से सीधे जुड़ने की रणनीति तैयार की है। शनिवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ युवाओं तक पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई।
Gen-Z के लिए ‘युवा संवाद’ अभियान
भाजपा की नई टीम युवाओं के बीच ‘युवा संवाद’ अभियान चलाएगी। इसके तहत 14 से 25 साल के युवाओं से सीधे संवाद किया जाएगा। पार्टी के नेता अगले महीने से युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी सोच, जरूरतों और समस्याओं को समझने की कोशिश करेंगे।इस अभियान के जरिए भाजपा युवा वर्ग के साथ अपने संवाद को और मजबूत करने की तैयारी में है।
विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई टीम के सदस्यों से मुलाकात कर सकते हैं।
‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना
बैठक में भाजपा ने कांग्रेस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के केवल शुरुआती दो छंद गाने के फैसले की आलोचना भी की। पार्टी ने इसे लेकर प्रस्ताव पारित किया।भाजपा ने कहा कि पूरा राष्ट्रगीत देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का प्रतीक है। पार्टी ने ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक विरासत को देशभर में पहुंचाने के लिए अभियान चलाने की बात कही।
‘Modi@25’ अभियान पर भी चर्चा
भाजपा की बैठक में Modi@25 अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर चलाया जा रहा है।नितिन नवीन ने भाजपा अध्यक्ष बनने के करीब 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। इसमें 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं।अगले साल विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी टीम में जगह मिली है। इनमें उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता शामिल हैं।नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वहीं वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है।भाजपा की नई रणनीति में संगठन विस्तार के साथ युवाओं से सीधा संवाद अब प्रमुख फोकस के तौर पर सामने आया है।



