Saturday, May 16, 2026
HomeIndiaभाजपा ने की गहलोत सरकार को बर्खास्त करने की मांग

भाजपा ने की गहलोत सरकार को बर्खास्त करने की मांग

नई दिल्ली। राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने सोमवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।

भाजपा शासित मणिपुर में जातीय हिंसा को लेकर संसद परिसर में 26 विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के प्रदर्शन से पहले, राजस्थान सरकार के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शन में भाजपा की महिला सांसद सबसे आगे थीं। हाथों में तख्तियां लिए और नारे लगाते हुए भाजपा सांसदों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया और राजस्थान सरकार से राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर ‘जागने’ का आग्रह किया।

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल से लोकसभा सदस्य माला राज्यलक्ष्मी ने कहा, ‘‘हम राजस्थान में भ्रष्टाचार और अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए यहां एकत्र हुए हैं।’’ राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश जोशी ने मांग की कि राजस्थान के मुख्यमंत्री को राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के आरोपों पर ‘पद छोड़ देना चाहिए’।

जोशी ने कहा, ‘‘राजस्थान का एक गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन पिछले 3 वर्षों में यह महिलाओं, विशेष रूप से दलितों और गरीबों के खिलाफ अत्याचार में नंबर एक राज्य के रूप में उभरा है।’’

जोशी ने दावा किया कि राजस्थान में बलात्कार के बाद एक लड़की की हत्या किए जाने, एंबुलेंस के अंदर महिलाओं के खिलाफ अत्याचार होने और पुलिस अधिकारियों द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के लिए रिश्वत मांगने की घटनाएं हुई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असमर्थ रही है। राजस्थान सरकार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mamta Berwa
Mamta Berwa
JOURNALIST
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular