Tejashwi Yadav On Samrat Choudhary: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम और राज्य की नई सरकार को लेकर निशाना साधा. उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महिला आरक्षण के साथ परिसीमन को जोड़ना एक सोची-समझी रणनीति है.
‘महिला आरक्षण और परिसीमन दो अलग-अलग विषय’
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन दो अलग-अलग विषय हैं. महिला आरक्षण विधेयक पहले ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका था और विपक्ष की मांग थी कि आरक्षण को 50 प्रतिशत किया जाए और इसमें पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को भी शामिल किया जाए लेकिन ऐसा नहीं किया गया.’ अब सरकार इसे लागू करने की समयसीमा वर्ष 2034 बता रही है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं.’
RJD नेता ने कहा कि असली मुद्दा परिसीमन का है जबकि महिला आरक्षण को आगे कर इसे प्रमुख मुद्दा बनाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल दिखावे की राजनीति है और सरकार संविधान व लोकतंत्र के मूल ढांचे को प्रभावित करने की दिशा में काम कर रही है.
‘अब बिहार सरकार गुजरात से चलेगी’
यादव ने इस बीच बिहार में नई सरकार के गठन पर प्रतिक्रिया देते हुए नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई दी लेकिन साथ ही तंज कसते हुए कहा कि उनका राजनीतिक सफर कई दलों से होकर गुजरा है. उन्होंने कहा कि राज्य में पहले एक निर्वाचित मुख्यमंत्री था लेकिन अब एक ‘चयनित’ मुख्यमंत्री आया है. यादव ने दावा किया कि इससे राज्य की सत्ता का नियंत्रण अब बिहार से बाहर चला जाएगा. उन्होंने कहा, ‘अब बिहार सरकार गुजरात से चलेगी.’
ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर की तैयारियां तेज, ट्रंप का दावा-तेहरान वार्ता के तहत लगभग हर बात मान चुका



