Friday, May 15, 2026
HomeLatest Newsभिवाड़ी बनेगा राजस्थान का सेमीकंडक्टर हब, CM भजनलाल शर्मा ने करोड़ों की...

भिवाड़ी बनेगा राजस्थान का सेमीकंडक्टर हब, CM भजनलाल शर्मा ने करोड़ों की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। भिवाड़ी में सेमीकंडक्टर क्लस्टर, एसटीपी और अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण करते हुए उन्होंने अक्षय ऊर्जा, आरआरटीएस और औद्योगिक विस्तार पर जोर दिया। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भिवाड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हब बनकर उभरेगा, जिससे हजारों रोजगार सृजित होंगे।

Rajasthan Semiconductor Project : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने कहा कि राजस्थान सरकार प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने 35 नई नीतियां लागू कर ऐसा औद्योगिक माहौल तैयार किया है, जिससे राजस्थान निवेशकों के लिए तेजी से आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये प्रयास केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान@2047’ के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को आर्थिक, औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए पवन ऊर्जा, सौर ऊर्जा और अन्य अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी सेक्टर में बड़े निवेश को आकर्षित करने और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष फोकस कर रही है।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में राजस्थान को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीसी के माध्यम से भिवाड़ी में एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, 34 एमएलडी एसटीपी एवं खैरथल-तिजारा जिले के विभिन्न विकास कार्यों सहित अन्य परियोजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) द्वारा हरियाणा के रास्ते दिल्ली से जोड़ने की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। वहीं, यमुना जल समझौते के तीव्र क्रियान्वयन के साथ ही, सरकार अलवर के निकट बांदीकुई में एक बड़ेे इण्डस्ट्रीयल एरिया की स्थापना भी करने जा रही है। उन्होंने भिवाड़ी में सेमीकंडक्टर क्लस्टर का जिक्र करते हुए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ग्राम और वार्ड के सुनियोजित विकास के लिए विकसित ग्राम-वार्ड अभियान की दूरगामी पहल की है। इसके अन्तर्गत राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण और आवश्यकताओं को समाहित करते हुए गांवों के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण युवाओं की सुविधाओं के दृष्टिगत पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केन्द्र खोलने का अहम निर्णय भी किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन आंकाक्षाओं के अनुरूप राज्य सरकार ने बिजली-पानी की आवश्यकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी क्रम में, रामजल सेतु लिंक परियोजना, आईजीएनपी एवं गंगनहर का सुदृढ़ीकरण, माही, देवास एवं सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। वहीं, 24 जिलों में किसानों को दिन के समय में बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 4 लाख भर्तियों को संकल्प को पूरा करने की दिशा में सवा लाख से अधिक युवाओं को नौकरी देने के साथ ही, सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया है। वहीं, 1 लाख 35 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं।

भिवाड़ी को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने पर जोर

केन्द्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर्स एक महत्वपूर्ण इंडस्ट्री है। आज भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट हो गये हैं और विभिन्न उपकरणों की चिप्स का निर्माण हो रहा है। राजस्थान का नाम भी इस इंडस्ट्री से जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इलेेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में देश ने गत 12 वर्षों में बड़ी छलांग लगाई है। आज भारत में 6 गुना वृद्धि के साथ इलेेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग 13 लाख करोड़ रूपये पहुंच गई है। वहीं, मोबाईल भारत से निर्यात होने वाली पहली नम्बर की कमोडिटी बन गई है।  केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रोनिक्स कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के अन्तर्गत 75 प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी के इलेक्ट्रोनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में 1 हजार 200 करोड़ रूपये का इन्वेस्टमेंट है। इससे लगभग 2 हजार 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। प्लांट से हर साल 6 करोड़ चिप्स की मैन्युफैक्चरिंग होगी। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के अन्तर्गत पूरे राजस्थान में 85 रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। जिनमें से 15 रेलवे स्टेशनों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसी प्रकार, अलवर का भव्य रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। 

केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी में 61 करोड़ रूपये के 34 एलएलडी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया गया है। वहीं, 52 करोड़ रूपये से अधिक की लागत के 34 एमएलडी एसटीपी ट्रीटेड वाटर लाइन का शिलान्यास किया गया है। यह जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देश के नक्शे पर भिवाड़ी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए हम संकल्पित हैं। भिवाड़ी को ऑटोमोबाईल के साथ-साथ सेमीकंडक्टर्स और इलेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आरआरटीएस और यमुना जल समझौते की तीव्र प्रगति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। 

इससे पहले मुख्यमंत्री ने भिवाड़ी में सेमीकंडक्टर क्लस्टर सहित विभिन्न विकास कार्यों का वर्चुअली माध्यम से शिलान्यास एवं लोकार्पण कर प्रदेश को बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा उपस्थित रहे। वहीं, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि, आमजन वीसी के माध्यम से जुड़े। 

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular