Thursday, April 23, 2026
HomeLatest Newsपहले चरण के मतदान में ईवीएम गड़बड़ी से देरी, मुर्शिदाबाद समेत कई...

पहले चरण के मतदान में ईवीएम गड़बड़ी से देरी, मुर्शिदाबाद समेत कई इलाकों में हिंसा, प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के दौरान कई स्थानों पर ईवीएम खराबी से मतदान प्रभावित हुआ, जिससे कुछ बूथों पर देरी और अस्थायी रोक लगानी पड़ी। मुर्शिदाबाद, नंदीग्राम और सिलीगुड़ी समेत कई इलाकों में तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। वहीं, कुछ जिलों में रातभर हिंसा, बमबाजी और हमलों की घटनाएं भी हुईं, जिससे तनाव बना रहा, हालांकि कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।

Bengal Election 2026 : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। अधिकारियों के अनुसार, अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कुछ इलाकों से रात में हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा विधानसभा क्षेत्र स्थित पारसालिका मदनमोहन प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर 156 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी आने के बाद मतदान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

बंगाल चुनाव में ईवीएम खराबी से मतदान कई जगह प्रभावित

अधिकारियों ने बताया कि शमशेरगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 212 पर भी इसी तरह की समस्याओं के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका। कांडी के बूथ नंबर 130 पर भी मतदान में देरी हुई। पूर्व मेदिनीपुर में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के बिरुलिया में एक ईवीएम में खराबी की सूचना मिली। कूच बिहार में टाउन हाई स्कूल के बूथ नंबर 229 पर मतदान लगभग एक घंटे तक स्थगित रहा, जिसके बाद इसे फिर शुरू किया गया। मालदा जिले के हबीबपुर निर्वाचन क्षेत्र के बूथ नंबर 231 पर भी मतदान में देरी हुई। दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में मार्गरेट स्कूल स्थित बूथ संख्या 26/31 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका।

मतदान प्रक्रिया के दौरान झाड़ग्राम जिले में एक मतदान केंद्र के पास एक हाथी के घूमने के कारण मतदाताओं में दहशत फैल गई। यह हाथी जीतुशोल आंशिक बुनियादी विद्यालय मतदान केंद्र के बाहर देखा गया था। इस बीच, मतदान शुरू होने से पहले कुछ जिलों में रात भर हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद के नाओदा में शिवनगर प्राथमिक स्कूल के पास रात में कथित तौर पर देसी बम फेंके गए जिससे एक महिला घायल हो गई। पास ही मौजूद तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार साहिना मुमताज खान इस घटना में बाल-बाल बच गईं।

बंगाल चुनाव में तनाव, ईवीएम गड़बड़ी और हिंसा जारी

तृणमूल कांग्रेस सांसद अबू ताहेर खान ने आरोप लगाया कि इस हमले में हुमायूं कबीर की आमजनता उन्नयन पार्टी का हाथ है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने कहा, कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। कूच बिहार के शीतलकुची में भी तनाव की खबरें आ रही हैं, जहां 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा हुई थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के एक नेता पर कथित तौर पर रात में उस समय हमला किया गया जब वह घर लौट रहे थे। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर उन पर हमला करने और उनकी मोटरसाइकिल को तोड़ने फोड़ने का आरोप लगाया जबकि सत्तारूढ़ पार्टी ने इस आरोप को खारिज करते हुए इसे मनगढ़ंत घटना बताया।

डोमकल के रायपुर गांव में एक अन्य घटना में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक कार्यकर्ता और उनके बेटे पर देर रात कथित तौर पर हमला किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बेटे को गंभीर चोटें आईं और उसे इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि उन्होंने इस घटना के संबंध में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता को हिरासत में लिया है। राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीट पर पहले चरण के तहत मतदान जारी है। शेष 142 सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को निर्धारित है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular