Batwara 1947 Teaser Release: फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का मेकर्स ने गुरुवार को टीजर रिलीज कर दिया है. फिल्म में भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी को दिखाया जाएगा. फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल और अली फजल जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इससे पहले मेकर्स ने फिल्म के प्रमुख किरदारों के पोस्टर जारी कर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी.

आजादी के साथ बंटवारे का दर्द
आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा जारी टीजर की शुरुआत एक भावुक वॉयसओवर से होती है. बैकग्राउंड में आवाज सुनाई देती है, “हिंदुस्तान, जिसे बड़े संघर्ष और कुर्बानियों के बाद 200 साल की गुलामी से आजादी तो मिली, मगर अफसोस कि मुल्क का बंटवारा हो गया. मजहब के नाम पर इंसानियत की हत्या हो रही थी.”. बैकग्राउंड में आवाज अभिनेता आमिर खान की है. ट्रेलर में 1947 के विभाजन के दौरान हुए दंगों, पलायन, हिंसा और मानवीय त्रासदी के कई मार्मिक दृश्य दिखाए गए हैं. हर तरफ अफरा-तफरी, खून-खराबा और बिछड़ते परिवारों की झलक दर्शकों को भावुक कर देती है.
सिकंदर मिर्जा के किरदार में नजए आएंगे सनी देओल
विभाजन की भयावह परिस्थितियों के बीच सनी देओल की दमदार एंट्री दिखाई गई है. वह सिकंदर मिर्जा के किरदार में नजर आएंगे, जो नफरत और हिंसा के माहौल में इंसानियत का संदेश देते दिखाई देते हैं. ट्रेलर में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल और अली फजल की भी प्रभावशाली झलक देखने को मिलती है. फिल्म में शबाना आजमी दुर्गावती देवी उर्फ “माई” की भूमिका निभा रही हैं, जबकि प्रीति जिंटा हमीदा बेगम, करण देओल जावेद मिर्जा और अली फजल हबीब अनवर के किरदार में दिखाई देंगे.

14 अगस्त को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक राजकुमार संतोषी ने किया है. संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं. फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है. देश के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय को नई पीढ़ी के सामने पेश करने का प्रयास करेगी. स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ये भी पढ़ें: ‘गिरफ्तारी में कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं हुआ’, महेश जोशी केस में हाईकोर्ट की टिप्पणी



