रिपोर्टर : मनोज अवस्थी
जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कुएं में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला पिछले आठ दिनों से लापता थी और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस, एफएसएल टीम और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को बाहर निकलवाकर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी राजेन्द्र मीणा ने बताया कि मृतका की पहचान बीना देवी (53) निवासी बल्लूपुरा, शिवदासपुरा के रूप में हुई है। महिला के लापता होने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी
पुलिस के अनुसार बीना देवी मजदूरी का कार्य करती थी। वह 11 जून को दोपहर करीब 12 बजे दवाई लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह हनुमानपुरा पावर ग्रिड के पीछे ढूंढ नदी के पास स्थित एक कुएं से बदबू आने पर ग्रामीणों ने अंदर झांककर देखा तो शव पड़ा मिला।
सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के पैरों में पहने हुए चांदी के कड़े गायब थे।
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चांदी के कड़े लूटने के उद्देश्य से उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



