Saturday, June 20, 2026
HomeIndiaअमित शाह विपक्षी दलों को तोड़कर दो-तिहाई बहुमत चाहते हैं, लेकिन उनका...

अमित शाह विपक्षी दलों को तोड़कर दो-तिहाई बहुमत चाहते हैं, लेकिन उनका यह मिशन सफल नहीं होगा: जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि अमित शाह लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए विपक्षी दलों में टूट कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दल लगातार संपर्क में हैं और भाजपा के इस कथित अभियान को सफल नहीं होने देंगे।

Congress vs BJP : नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) में हुई बगावत का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए एनडीए को ‘नेशनल डिफेक्टर्स अलायंस’ में बदलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह अपने मकसद में सफल नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व विपक्षी एकजुटता को बरकरार रखने और अमित शाह के प्रयासों को विफल करने के लिए अपने सहयोगी दलों के साथ निरंतर संपर्क में है।

अमित शाह विपक्ष तोड़ने में सफल नहीं होंगे: जयराम

रमेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, अमित शाह स्पष्ट रूप से एनडीए (नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस) को ‘नेशनल डिफेक्टर्स अलायंस’ बनाने पर आमादा हैं। इसका कारण यह है कि उन्हें 17 अप्रैल, 2026 को लोकसभा में भारी अपमान का सामना करना पड़ा था, जब परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाया था। उनका कहना है कि विपक्ष की एकजुटता से यह विधेयक पारित नहीं हो सका था और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को केवल 298 वोट मिले थे, जबकि 543 सदस्यों वाले सदन में दो-तिहाई बहुमत के लिए 362 वोटों की आवश्यकता थी।

कांग्रेस नेता ने कहा, यह उनके लिए अपमानजनक और बड़ा झटका था। उन्होंने इसकी बिल्कुल भी उम्मीद नहीं की थी। मेरा मानना है कि इसी अपमान का बदला लेने के लिए शाह ने विपक्षी दलों में तोड़फोड़ करने का एक बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। वे हर विपक्षी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। रमेश ने दावा किया, मैं आपको विश्वास दिला सकता हूं कि वे लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में सफल नहीं होंगे। उनका कहना था कि गृह मंत्री और भाजपा द्वारा जो किया जा रहा है, वह संविधान और लोकतंत्र पर हमला है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘एक जमाने में सरदार पटेल गृह मंत्री थे। शर्म की बात है कि आज उस पद पर बैठे एक स्वयंभू चाणक्य इस तरह की तोड़फोड़ की राजनीति कर रहे हैं।’’

गृह मंत्री द्वारा मनोवैज्ञानिक खेल खेला जा रहा है : जयराम

उत्तर प्रदेश में भाजपा के सहयोगी ओम प्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी में टूट का दावा किए जाने पर रमेश ने कहा कि यह सब गृह मंत्री द्वारा मनोवैज्ञानिक खेल खेला जा रहा है। कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘गृह मंत्री दूसरों को कमजोर करने के लिए खबरें प्रचारित करते हैं। वह कामयाब नहीं होंगे। वह किसी भी सूरत में लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अपने सहयोगी दलों के साथ लगातार संपर्क में है।

रमेश ने कहा, हम सभी विपक्षी दलों के साथ संपर्क में हैं… बीते आठ जून को ‘इंडिया गठबंधन’ की बैठक हुई थी। इसके बाद राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, के सी वेणुगोपाल और मैं, विपक्ष के लोगों के साथ संपर्क में हैं। उनका कहना था, ‘‘हम भी लगे हुए हैं, ऐसा नहीं है कि हम बैठे हुए हैं। हम डरे हुए नहीं हैं, हम डरने वाले भी नहीं हैं। यह मनोवैज्ञानिक खेल हम भी खेल सकते हैं।’’

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image