Vaibhav Suryavanshi IPL 2026 : जयपुर। 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनके आक्रामक और बेखौफ अंदाज ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को भी उनकी मुरीद बना दिया है।
सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का दीवाना हुआ ये ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए सूर्यवंशी ने जिस तरह मैदान पर अपने खेल से असर छोड़ा है, उसने क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। कम उम्र में ही उनका आत्मविश्वास और ऊंचाई उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है, और यही वजह है कि वह तेजी से उभरे हुए सितारे के तौर पर देखे जा रहे हैं। उन्होंने कमिंस की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंद में 103 रन बनाए जो उनका आईपीएल में दूसरा शतक है। इसके बावजूद हालांकि उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप और टी20 विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कमिंस ने शनिवार को मैच के बाद कहा, हां, मुझे लगता है कि वह मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है। वह गेंद पर जोर से प्रहार करता है। उसे खेलते हुए देखने में मजा आता है। सूर्यवंशी ने अपने करियर की जिस तरह की शुरुआत की है, उससे कमिंस काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, एक गेंदबाज के रूप में आपको सटीक गेंदबाजी करनी होती है क्योंकि अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपको इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। वह बेहद प्रभावशाली बल्लेबाज है। उसने अपने करियर की शानदार शुरुआत की है और मुझे उसका खेलने का तरीका बहुत पसंद है।

पिच हालांकि सपाट हैं जिन पर बल्लेबाजों की तूती बोल रही है, लेकिन कमिंस का मानना है कि जब तक ऐसी पिचें टी20 मैचों तक ही सीमित हैं तब तक उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यही स्थिति है। विकेट भले ही सपाट हों, लेकिन यह केवल 20 ओवर का मैच है। यह कोई टेस्ट मैच नहीं है जहां पिच सपाट होने पर खिलाड़ी पांच दिन बल्लेबाजी कर रहा हाे। इसलिए मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है।
कमिंस का मानना है कि इस तरह की पिचें गेंदबाजों की परीक्षा लेती हैं और इस तरह के टूर्नामेंट के लिए पांच शीर्ष गेंदबाजों की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा, हमने अपनी टीम को इस तरह से तैयार किया है कि हम बल्लेबाजी में बड़े स्कोर बनाने की कोशिश करें और गेंदबाज कम से कम रन दें। मुझे लगता है कि इस तरह की परिस्थितियों में आपको पांच अच्छे गेंदबाजों की जरूरत होती है।



