Saturday, May 9, 2026
HomeIndiaपीएम मोदी ने 98 वर्षीय भाजपा नेता माखनलाल सरकार के छुए पैर,...

पीएम मोदी ने 98 वर्षीय भाजपा नेता माखनलाल सरकार के छुए पैर, शपथग्रहण समारोह में भावुक कर देने वाला दृश्य बना

West Bengal BJP Government : कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के शपथग्रहण समारोह में पार्टी के 98 वर्षीय वरिष्ठ नेता माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। भाजपा ने कहा कि सरकार को 1952 में कश्मीर में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह वहां भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ थे।

पीएम मोदी ने छुए माखनलाल सरकार के पैर

पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार, स्वतंत्रता के बाद भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी कार्यकर्ताओं में से एक हैं।’’ यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी की सरकार के शपथग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री ने माखनलाल सरकार को मंच पर सम्मानित करते हुए उनका आशीर्वाद लेने के लिए उनके पैर छुए और वरिष्ठ नेता से गले मिलने के बाद उनका कुशलक्षेम पूछा।

वर्ष 1980 में भाजपा के गठन के बाद माखनलाल सरकार वाम मोर्चा शासित पश्चिम बंगाल में तत्कालीन पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों के संगठनात्मक समन्वयक रहे। बयान में कहा गया, 1981 से उन्होंने लगातार सात साल तक जिलाध्यक्ष के रूप में सेवा दी। यह उस समय एक असाधारण उपलब्धि थी, जब भाजपा नेता आम तौर पर दो साल से अधिक समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रह पाते थे।

शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री के रूप में शपथ

शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड इस ऐतिहासिक पल का गवाह बना। समारोह के लिए पूरे ब्रिगेड परेड ग्राउंड को विशेष रूप से सजाया गया था। भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ और पार्टी के झंडों से पूरा मैदान भगवामय नजर आया।

बीजेपी ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। वहीं 15 सालों से सत्ता में काबिज TMC केवल 80 सीटों पर ही सिमट गई. यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाने में सफल हुई है।

समारोह में कौन-कौन रहा मौजूद ?

शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यभर से हजारों पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेताओं ने इसे सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में नए राजनीतिक युग की शुरुआत बताया. पार्टी का कहना है कि यह जीत राज्य में लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक समीकरणों में बड़े बदलाव का संकेत है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular