Monday, August 31, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentआसिम रियाज ने भव्या सिंह को भेजा लीगल नोटिस: मारपीट और आर्थिक...

आसिम रियाज ने भव्या सिंह को भेजा लीगल नोटिस: मारपीट और आर्थिक निर्भरता के आरोपों पर जताई आपत्ति, 72 घंटे में कंटेंट हटाने की मांग

आसिम रियाज ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भव्या सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। भव्या ने एक पॉडकास्ट में आसिम पर मारपीट और दुबई में एक महिला के पैसों पर निर्भर रहने जैसे आरोप लगाए थे। आसिम के वकील ने इन दावों को झूठा और मानहानिकारक बताया है। नोटिस में भव्या सिंह और संबंधित मीडिया प्लेटफॉर्म्स से 72 घंटे के भीतर विवादित कंटेंट हटाने और भविष्य में ऐसे बयान दोहराने से बचने की मांग की गई है।

नई दिल्ली। बिग बॉस 13 फेम आसिम रियाज ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ‘स्प्लिट्सविला 12’ की कंटेस्टेंट रह चुकीं भव्या सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस भव्या की ओर से एक पॉडकास्ट में आसिम पर लगाए गए कथित आरोपों को लेकर भेजा गया है।आईएएनएस के मुताबिक, आसिम की ओर से उनके वकील ने भव्या के बयानों को झूठा, निराधार और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है। नोटिस में भव्या सिंह के साथ-साथ उन मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी विवादित कंटेंट हटाने के लिए कहा गया है, जहां ये बयान प्रकाशित या प्रसारित किए गए हैं। इसके लिए 72 घंटे की समयसीमा दी गई है।

भव्या सिंह ने क्या आरोप लगाए थे?

दरअसल, भव्या सिंह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में आसिम रियाज और उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड हिमांशी खुराना के रिश्ते और ब्रेकअप को लेकर बात की थी।पॉडकास्ट के दौरान भव्या ने दावा किया कि उन्हें किसी व्यक्ति ने बताया था कि आसिम “पागल इंसान” हैं और मारपीट करते हैं। उन्होंने एक कथित वीडियो होने की बात भी कही थी। इसके अलावा भव्या ने दावा किया था कि आसिम दुबई में एक अज्ञात महिला के पैसों पर निर्भर हैं।इन बयानों के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।

आसिम के वकील ने आरोपों को बताया मानहानिकारक

आसिम रियाज की ओर से लीगल फर्म फाल्कन लीगल के पार्टनर एडवोकेट सुहैल शरीफ ने इन आरोपों को खारिज किया है।कानूनी नोटिस में कहा गया है कि भव्या के बयान आसिम को हिमांशी के खिलाफ शारीरिक हिंसा करने वाले व्यक्ति के तौर पर पेश करते हैं। आसिम की ओर से दावा किया गया है कि इन आरोपों से उनकी सामाजिक छवि और प्रोफेशनल करियर को नुकसान पहुंचा है।नोटिस में भव्या सिंह को भविष्य में ऐसे किसी भी बयान को दोहराने से रोकने और संबंधित कंटेंट हटाने की मांग की गई है। साथ ही, जिन मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने पॉडकास्ट या उससे जुड़ी सामग्री को प्रकाशित किया है, उन्हें भी 72 घंटे के भीतर इसे हटाने के लिए कहा गया है।

हिमांशी खुराना के धर्म परिवर्तन वाले दावे से भी जुड़ा है विवाद

आसिम और भव्या के बीच यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब आसिम और उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड हिमांशी खुराना के रिश्ते को लेकर भी नए दावे चर्चा में हैं।हिमांशी ने हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में दावा किया था कि रिश्ते के दौरान उन पर धर्म परिवर्तन का मानसिक दबाव बनाया गया था। उन्होंने कहा था कि उनके पूजा-पाठ करने पर आपत्ति जताई जाती थी और उन पर अपनी धार्मिक मान्यताएं बदलने का दबाव था।हिमांशी के मुताबिक, एक समय वह इस्लाम कबूल करने के बेहद करीब पहुंच गई थीं। उन्होंने यह भी कहा था कि धर्म बदलने से पहले वह आखिरी बार चार धाम की यात्रा करना चाहती थीं।

आसिम ने हिमांशी के आरोपों का किया था खंडन

हिमांशी के दावों के बाद आसिम रियाज ने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर कर आरोपों को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी किसी से धर्म बदलने के लिए नहीं कहा।आसिम ने हिमांशी पर पब्लिसिटी के लिए धर्म का इस्तेमाल करने और उनके खिलाफ माहौल बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने हिमांशी को सिर्फ फिटनेस पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया था।

आसिम रियाज और हिमांशी खुराना की मुलाकात 2019 में ‘बिग बॉस 13’ के दौरान हुई थी। शो के बाद दोनों करीब चार साल तक रिलेशनशिप में रहे।दिसंबर 2023 में दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने ब्रेकअप की जानकारी दी थी। उस समय दोनों ने अलग-अलग धार्मिक मान्यताओं को अलग होने की वजह बताया था।अब ब्रेकअप के करीब ढाई साल बाद धर्म परिवर्तन, दबाव और रिश्ते से जुड़े पुराने आरोप फिर से चर्चा में हैं। इसी बीच भव्या सिंह के बयानों को लेकर आसिम की ओर से भेजा गया कानूनी नोटिस मामले को नया मोड़ देता है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image