जापान: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए शनिवार का दिन कबड्डी में शानदार रहा। भारत की महिला और पुरुष दोनों कबड्डी टीमों ने गोल्ड मेडल जीता। दोनों टीमों ने फाइनल में ईरान को हराकर खिताब अपने नाम किया।पुरुष टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को 40-34 से हराया। इससे भारत ने एशियन गेम्स में कबड्डी में अपना 10वां मेडल हासिल किया।इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी ईरान के खिलाफ फाइनल खेला और 37-34 से जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
महिला टीम ने लगातार 5वीं बार जीता मेडल
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार 5वीं बार मेडल जीता है। ईरान के खिलाफ फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और आखिर में 3 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।
पुरुष कबड्डी टीम ने भी रचा इतिहास
महिला टीम की जीत के बाद पुरुष टीम ने भी फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर भारत की झोली में एक और गोल्ड डाल दिया। इस जीत के साथ भारत ने एशियाड में कबड्डी के अपने पदकों की संख्या 10 कर ली।
एक दिन में भारत के 5 मेडल
एशियन गेम्स के 7वें दिन भारत को अब तक 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज, यानी कुल 5 मेडल मिल चुके हैं।भारत की मेडल टैली में अब तक 4 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज, कुल 28 मेडल शामिल हैं।स्क्वॉश में भी भारत ने इतिहास रचा है। 18 साल की अनाहत सिंह विमेंस सिंगल्स के फाइनल में पहुंच गई हैं। वहीं अभय सिंह ने मेंस सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाई है।इस तरह एशियन गेम्स में पहली बार भारत के महिला और पुरुष स्क्वॉश सिंगल्स के खिलाड़ी एक ही दिन फाइनल में पहुंचे हैं।
पुरुष मैराथन में 44 साल बाद सिल्वर
इससे पहले भारत को पुरुष मैराथन में 44 साल बाद मेडल मिला। सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता।भारत को इस इवेंट में पिछली बार 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल मिला था।
शूटिंग में भी भारत ने एक और सिल्वर मेडल जीता। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही।इस मेडल के साथ एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या 11 हो गई है। इनमें 1 गोल्ड, 5 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज शामिल हैं।



