Jodhpur Asaram News: यौन उत्पीड़न मामले में सजा काट रहे आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने उनकी लगातार खराब होती सेहत को देखते हुए जेल प्रशासन को उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. राजस्थान हाईकोर्ट में जस्टिस संजीत पुरोहित की एकल पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि यदि आसाराम की तबीयत और अधिक बिगड़ती है तो उन्हें आयुर्वेद अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति दी जा सकती है.
हाईकोर्ट ने मांगा था जवाब
इस मामले में आसाराम की ओर से अधिवक्ता आर.एस. सलूजा और यशपाल राजपुरोहित ने पक्ष रखा. इससे पहले 3 जून को हुई सुनवाई में अदालत ने राज्य सरकार और जेल प्रशासन से पूछा था कि क्या कोर्ट के पूर्व आदेशों का पालन किया जा रहा है.
अदालत ने पहले दिए गए आदेश में यह सुनिश्चित करने को कहा था कि आसाराम को समय पर इलाज, आवश्यक दवाइयां और एक समय घर का बना भोजन उपलब्ध कराया जाए. सरकार ने उस समय जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था. बता दें कि मंगलवार शाम को जोधपुर जेल में आसाराम की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया.
आसाराम के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के निर्देश
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि बंदी होने के बावजूद किसी व्यक्ति को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता. अदालत ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि आसाराम के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए.



