US Iran Deal : वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच 107 दिनों से जारी युद्ध को समाप्त करने और वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमति बन गई है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक शांति समझौते पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर किए जाएंगे।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार शाम ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह घोषणा की, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर दबाव कम हुआ। अधिकारियों ने बताया कि शांति समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर किए जाएंगे।

होर्मुज से नाकेबंदी हटाने का दिया बड़ा आदेश
ट्रंप ने कहा, ‘‘इस्लामिक गणराज्य ईरान के साथ समझौते को अंतिम रूप दिया जा चुका है। सभी को बधाई।’’ उन्होंने यह भी कहा कि समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खोला जाएगा और ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी समाप्त कर दी जाएगी। ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं मुक्त आवाजाही के लिए तत्काल होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को हटाने की मंजूरी देता हूं। दुनिया के जहाजों, इंजन चालू करो। तेल का प्रवाह होने दो।’’ हालांकि, एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य शुक्रवार को समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर होने के बाद ही खोला जाएगा। यह समझौता ऐसे दिन हुआ जब ट्रंप अपना 80वां जन्मदिन मना रहे थे।
ट्रंप ने कहा, ‘‘यह समझौता पूरे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा लाएगा। मुझसे पहले कई राष्ट्रपतियों ने ईरान के साथ शांति स्थापित करने की कोशिश की, लेकिन सभी विफल रहे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘क्षेत्र के नेताओं को पहली बार ऐसा राष्ट्रपति मिला है, जो उन्हें वास्तविक शांति दिलाने में मदद कर सकता है। शुक्रवार को समझौते पर हस्ताक्षर होने के साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य खोल दिया जाएगा…।’’

समझौते को अंतिम रूप दिए जाने से कुछ घंटे पहले बेरूत में हिजबुल्ला के ठिकानों पर इजराइल के हवाई हमलों के कारण तनाव बढ़ गया और ट्रंप की इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ तीखी बातचीत हुई। ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि उन्होंने नेतन्याहू और ईरानी वार्ताकारों, दोनों से नए हमले नहीं करने को कहा है।
ट्रंप ने समझौते पर क्या कहा
पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के ऐलान के कुछ ही देर बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बात की पुष्टि की कि समझौता हो गया है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ सफलतापूर्वक समझौते हो गया है। ट्रंप ने खाड़ी इलाके में समुद्री गतिविधियों से जुड़े तुरंत उठाए जाने वाले कदमों का भी ऐलान किया।
ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने कमर्शियल शिपिंग के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की मंजूरी देते हुए अमेरिकी नेवी की नाकेबंदी हटाने का आदेश दिया है। ट्रंप ने लिखा, ‘दुनिया के जहाजों इंजन चालू करो और तेल को बहने दो।’ ऐलान के मुताबिक 19 जून को स्विट्जरलैंड में समझौते पर हस्ताक्षर होते हैं तो क्षेत्र में शांति का रास्ता खुल सकता है।



