Monday, June 15, 2026
HomeLatest Newsफुटबॉल वर्ल्ड कप में जर्मनी का जलवा, डेब्यू कर रही क्यूरासाओ को...

फुटबॉल वर्ल्ड कप में जर्मनी का जलवा, डेब्यू कर रही क्यूरासाओ को 7-1 से हराया, हावर्ट्ज ने दागे डबल गोल

काई हावर्ट्ज़ के दो गोल की मदद से चार बार के चैंपियन जर्मनी ने फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप ई मुकाबले में क्यूरासाओ को 7-1 से करारी शिकस्त दी। विश्व कप में पदार्पण करने वाले सबसे छोटे देश क्यूरासाओ ने एक गोल कर इतिहास रचा। जर्मनी के लिए जमाल मुसियाला, निको श्लॉटरबेक, नथानिएल ब्राउन और डेनिज़ उन्दाव ने भी गोल किए, जिससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।

Germany vs Curacao : ह्यूस्टन। काई हावर्ट्ज़ के दो गोल की मदद से चार बार के चैंपियन जर्मनी ने विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप ई के मैच में इतिहास रचने वाले क्यूरासाओ को 7-1 से हराकर कड़ा सबक सिखाया। क्यूरासाओ को भले ही करारी हार का सामना करना पड़ा लेकिन वह विश्व कप में भाग लेने वाला सबसे छोटा देश बन गया। यही नहीं उसने एक गोल भी किया जो उसके लिए बड़ी उपलब्धि है।

काई हावर्ट्ज़ के डबल स्ट्राइक से जर्मनी की शानदार जीत

फेलिक्स नेमेचा ने छठे मिनट में गोल करके जर्मनी को बढ़त दिलाई। क्यूरासाओ के लिवानो कोमेनेंसिया ने 21वें मिनट में बॉक्स के केंद्र से बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इससे इस छोटे से कैरेबियाई देश के प्रशंसक खुशी से झूम उठे। इसके बाद पूरे मैच में जर्मनी का दबदबा रहा। उसने 38वें मिनट में नथानिएल ब्राउन के कॉर्नर किक पर निको श्लॉटरबेक के हेडर से किए गए गोल से फिर से बढ़त हासिल कर ली।

डेब्यू मैच खेल रही क्यूरासाओ को 7-1 से दी मात

जर्मनी के कोच जूलियन नागेल्समैन ने कहा, हमें इस बड़ी जीत की वाकई बहुत जरूरत थी। हमें इस आत्मविश्वास की जरूरत थी। यह पहले से ही मौजूद था, लेकिन अब यह और भी बढ़ गया है। जर्मनी की जीत का अंतर विश्व कप के नौ गोल के रिकॉर्ड से काफी कम है। ऐसा तीन बार हो चुका है। आखिरी बार ऐसा तब हुआ था जब हंगरी ने 1982 में अल साल्वाडोर को 10-1 से हराया था। पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में हावर्ट्ज़ ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया। हाफ टाइम के बाद जर्मनी ने बढ़त मजबूत करने में जरा भी समय नहीं गंवाया और 47वें मिनट में जमाल मुसियाला ने गोल दाग दिया।

ब्राउन ने 68वें मिनट में गोल करके बढ़त को 5-1 कर दिया। डेनिज़ उन्दाव ने ब्राउन के गोल में मदद करने के बाद 78वें मिनट में गोल कर दिया। हावर्ट्ज़ ने अपना दूसरा गोल 88वें मिनट में किया। स्टेडियम में 68,021 दर्शक मौजूद थे जिनमें से अधिकतर जर्मनी का समर्थन कर रहे थे। क्यूरासाओ के भी कुछ दर्शक पहुंचे हुए थे जिन्होंने अपनी टीम का हौसला बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जर्मनी का अगला मैच शनिवार को टोरंटो में आइवरी कोस्ट से होगा, जबकि क्यूरासाओ शनिवार को कैनसस सिटी में इक्वाडोर से भिड़ेगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image