Amit Shah Major Statement : कोलकाता। अमित शाह (Amit Shah) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान दमदम उत्तर में आयोजित जनसभा में ममता बनर्जी सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 4 मई को गिनती शुरू होती ही राजनीतिक तस्वीर बदल जाएगी और दोपहर तक सत्ता परिवर्तन साफ नजर आएगा। शाह ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों को डराने की कोशिश कर रहे हैं। इसके जवाब में उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि 29 अप्रैल को जनता निर्भीक होकर वोटिंग करे और किसी भी तरह के दबाव में न आए। उनका यह बयान से चुनावी माहौल और ज्यादा गरमा गया है।
भाजपा के कारण सिंडिकेट वाले गुंडे बंगाल छोड़कर चले जाएंगे : शाह
गृह मंत्री ने कहा, पहले देश की कुल आय में अगर 100 रुपये आते थे, तो उसमें बंगाल से 20 रुपये आते थे। आज वह घटकर सवा पांच रुपये रह गया है। इंडस्ट्रियलाइजेशन की शुरुआत बंगाल से हुई थी, लेकिन ममता दीदी के राज में सिंडिकेट वालों के कारण उद्योगों ने बंगाल छोड़ दिया। दीदी के कारण इंडस्ट्री चली गई और भाजपा के कारण सिंडिकेट वाले गुंडे बंगाल छोड़कर चले जाएंगे। छह हज़ार उद्योग बंगाल छोड़कर जा चुके हैं।
गृह मंत्री ने कहा, संसद में माताओं-बहनों को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लाया गया बिल ममता दीदी ने कांग्रेस के साथ मिलकर रोका है। ममता दीदी, मातृशक्ति 29 तारीख की राह देख रही है, आपकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जिस प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद को समाप्त करने की दिशा में काम किया है, उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष आतंकवादी कह रहे हैं। उन्होंने कहा, राहुल बाबा के साथ रह-रहकर खड़गे की भी भाषा बिगड़ने लगी है।
‘माँ, माटी, मानुष’ के नारे की आड़ में आतंक की राजनीति कर रही दीदी : शाह
राहुल बाबा, प्रधानमंत्री मोदी पर जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतना ही खिलेगा। कांग्रेस तमिलनाडु में डबल फिगर में भी नहीं पहुंचेगी और पुडुचेरी में उसका खाता भी नहीं खुलेगा। बंगाल में भी शायद ही खाता खुले और असम में उसकी सबसे बुरी हार होने वाली है। अमित शाह ने कहा, भारतीय जनता पार्टी ने पूरे कोलकाता शहर और उसके आसपास के सभी क्षेत्रों के विकास के लिए एक रूपरेखा तैयार की है। अब समय आ गया है कि ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल किया जाए, जो ‘माँ, माटी, मानुष’ के नारे की आड़ में आतंक की राजनीति कर रही हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है।



