नई दिल्ली (प्रज्ञा पांडे)। तमिलनाडु के नेता प्रतिपक्ष और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में चेन्नई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस ने इस मामले में 6 अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले के बाद उदयनिधि स्टालिन ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी दाखिल की है।
कावेरी जल विवाद की रैली से शुरू हुआ विवाद
यह पूरा मामला सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित डीएमके की रैली से जुड़ा है। रैली में उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ की ओर से अभिनेत्री तृषा के नाम के नारे लगाए गए। इसके बाद उदयनिधि के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप लगाया गया कि उन्होंने एक आपत्तिजनक टिप्पणी की। हालांकि, बाद में उदयनिधि स्टालिन ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा केवल कावेरी के पानी को लेकर था और किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया गया।
मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार को पुलिस की टीम उदयनिधि स्टालिन के चेन्नई स्थित आवास पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में डीएमके कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। कुछ देर तक मौके पर नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस उदयनिधि को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। एफआईआर में उदयनिधि स्टालिन पर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, जानबूझकर अपमान करने, शांति भंग करने, अलग-अलग समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने, आपराधिक साजिश और धमकी देने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम, 2002 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। TVK नेताओं ने उदयनिधि स्टालिन पर राजनीतिक संवाद का स्तर गिराने का आरोप लगाया। वहीं, तमिलनाडु बीजेपी ने भी इस टिप्पणी की आलोचना करते हुए कार्रवाई की मांग की। बीजेपी नेता खुशबू सुंदर ने कहा कि उदयनिधि को अभिनेत्री तृषा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
डीएमके ने आरोपों को किया खारिज
डीएमके नेताओं ने उदयनिधि स्टालिन का बचाव किया है। पार्टी सांसद टीआर बालू ने कहा कि उदयनिधि ने किसी महिला का नाम नहीं लिया और पूरे मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। पूर्व मंत्री टी. मनो थंगराज ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि कावेरी मुद्दे और किसानों की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए विवाद को बढ़ाया जा रहा है।
तृषा और विजय की जोड़ी रही है लोकप्रिय
अभिनेत्री तृषा कृष्णन और अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने कई फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें ‘घिल्ली’, ‘थिरुपाची’, ‘आथि’, ‘कुरुवी’ और ‘लियो’ जैसी फिल्में शामिल हैं। दोनों की जोड़ी तमिल सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है। हालांकि, दोनों के निजी रिश्तों को लेकर समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन विजय और तृषा ने कभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पहले भी विवादों में रहे हैं उदयनिधि
उदयनिधि स्टालिन इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। सितंबर 2023 में सनातन धर्म को लेकर दिए गए उनके बयान पर देशभर में राजनीतिक विवाद हुआ था। इसके अलावा मई 2026 में तमिलनाडु विधानसभा में दिए गए एक बयान को लेकर भी विपक्ष ने उनकी आलोचना की थी। फिलहाल तृषा टिप्पणी विवाद में पुलिस कार्रवाई और कोर्ट की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



