मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अब फिल्मों के साथ टेलीविजन पर भी एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। अभिनेता लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल 2026 – क्राइम का करंट सीजन’ को होस्ट और नैरेट करते दिखाई देंगे। शो का नया सीजन 31 अगस्त से शुरू होने जा रहा है।
यह अजय देवगन के टेलीविजन होस्टिंग करियर की एक खास शुरुआत होगी। अब तक बड़े पर्दे पर पुलिस और एक्शन किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अजय पहली बार किसी टेलीविजन क्राइम शो के प्रमुख चेहरे के तौर पर दर्शकों से जुड़ेंगे। ‘सिंघम’, ‘दृश्यम’ और ‘गंगाजल’ जैसी फिल्मों में उनके पुलिस और जांच से जुड़े किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं।
नए सीजन का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर रात 10:30 बजे होगा, जबकि दर्शक इसे सोनी लिव पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे। शो में देश को झकझोर देने वाले वास्तविक मामलों से प्रेरित कहानियों को नाटकीय प्रस्तुति के साथ दिखाया जाएगा। इसके जरिए अपराध से जुड़े मामलों की जानकारी देने के साथ लोगों को सतर्क रहने का संदेश भी दिया जाएगा।
शो के जारी किए गए प्रोमो में अजय देवगन सीधे दर्शकों से संवाद करते नजर आते हैं। उनका किरदार लोगों को अपराध को लेकर डरने के बजाय सावधानी बरतने और अपने आसपास के लोगों को लेकर सतर्क रहने की बात कहता है। अजय का कहना है कि ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे लंबे समय से लोकप्रिय कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए केवल एक पेशेवर अवसर नहीं, बल्कि दर्शकों के प्रति जिम्मेदारी भी है।
अभिनेता के मुताबिक, शो का उद्देश्य अपराध की घटनाओं को सामने लाने के साथ दर्शकों को जागरूक करना और उन्हें संभावित खतरों से बचने के लिए सतर्क करना है। नए सीजन में ऐसे मामलों को प्रमुखता दी जाएगी, जिन्होंने देशभर में लोगों को प्रभावित किया है।
‘क्राइम पेट्रोल’ की शुरुआत वर्ष 2003 में हुई थी और पिछले दो दशकों में इसके कई अलग-अलग संस्करण दर्शकों के सामने आ चुके हैं। इस शो से अनूप सोनी का नाम लंबे समय तक जुड़ा रहा। उनके अलावा साक्षी तंवर, सोनाली कुलकर्णी, दिव्यांका त्रिपाठी, आशुतोष राणा, रेणुका शहाणे और नकुल मेहता जैसे कलाकार भी अलग-अलग दौर में कार्यक्रम की मेजबानी कर चुके हैं।
अब अजय देवगन की एंट्री के साथ ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। शो का नया फॉर्मेट, अजय की गंभीर प्रस्तुति और वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कहानियां इसके प्रमुख आकर्षण रहने वाली हैं।



