Vipul Roy Robbery :मुंबई। टीवी इंडस्ट्री से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। पॉपुलर शो एफआईआर में ‘भोला पंडित’ का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले Vipul Roy के घर लाखों की चोरी हो गई है। इस मामले में एक्टर ने अपनी हाउसहेल्प पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 6 अप्रैल की है, लेकिन एक्टर ने 21 अप्रैल को मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। विपुल रॉय अपने परिवार के साथ खार वेस्ट स्थित कलानिकेतन सोसाइटी में रहते हैं। वह फुल-टाइम नौकर रखने के बजाय ऑनलाइन सर्विस ऐप के जरिए जरूरत के हिसाब से हाउसहेल्प बुलाते थे।बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन उन्होंने अर्बन कंपनी से दीपाली नाम की महिला को सफाई के लिए बुलाया था, जो पहले भी कई बार उनके घर आ चुकी थी और घर के माहौल व सामान की पूरी जानकारी रखती थी।
शिकायत के अनुसार, सफाई के दौरान महिला बेडरूम में पोछा लगाने गई और उसने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। करीब 15 मिनट बाद वह बाहर आई और कुछ देर बाद काम खत्म कर घर से चली गई। उसी रात जब एक्टर ने अलमारी खोली, तो उन्हें पता चला कि गहने, कैश और विदेशी मुद्रा गायब हैं। चोरी हुए सामान में करीब 6 लाख रुपये नकद, 30 अमेरिकी डॉलर, 7 हजार यूएई दिरहम, 14500 थाई बात के साथ सोने की दो अंगूठियां और एक चांदी का कंगन शामिल हैं। कुल नुकसान करीब 7 से 10 लाख रुपये के बीच बताया जा रहा है।
घटना के तुरंत बाद एक्टर विदेश चले गए थे, जिसके कारण शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, पुलिस ऑनलाइन डिटेल्स खंगालने और संबंधित कंपनी से जानकारी जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर घरों में काम करने वाले स्टाफ को लेकर सतर्क रहने की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



