Pankaj Tripathi Brother Attack : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। उनके बड़े भाई विजयेंद्रनाथ तिवारी पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोपालगंज में कुल्हाड़ी से किया गया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजयेंद्रनाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले में जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, 21 जून को माधवपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड तिवारी टोला में उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर-2 के एसडीपीओ और माधवपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
हमले में अभिनेता के भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिसके बाद विजयेंद्रनाथ तिवारी को घायल हालत में पहले गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया, डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में है।
कौन है हमला करने वाला, जानें
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और आरोपी के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद का नतीजा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान पीड़ित के पड़ोसी राजेश साह के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने विजयेंद्रनाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया। घटना के बाद पुलिस ने राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।



