जयपुर। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जयपुर एसआई यू इकाई द्वारा गुरूवार को शाहपुरा पुलिया, दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक टाटा सफारी वाहन (आरजे 14 यूसी-0848) को रुकवाकर उसमें सवार कृषि विभाग के अधिकारियों एवं चालक की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान 263500 रुपये की संदिग्ध नकद राशि बरामद हुई है.
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि जयपुर से आई कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम भिवाड़ी कोटपूतली औद्योगिक क्षेत्र में स्थित खाद एवं कीटनाशक निर्माण ईकाइयों का निरीक्षण कर रही है. निरीक्षण की कार्रवाई का भय दिखाकर संबंधित औद्योगिक ईकाइयों से अवैध रूप से धनराशि की वसूली कर रही है.
प्राप्त सूचना के आधार पर एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस-प्रथम डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में विशेष अनुसंधान इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर शाहपुरा पुलिया, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर निगरानी रखी गई. इस दौरान संदिग्ध टाटा सफारी वाहन को रुकवाकर उसमें सवार अधिकारियों एवं चालक की विधिवत तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान कृषि अधिकारी महेश कुमार मीणा के बैग से 1,48500 रुपये तथा कृषि अधिकारी चन्दा राम गुर्जर के बैग से 115000 रुपये की संदिग्ध नकद राशि बरामद हुई. इस प्रकार कुल 2,63,500/- रुपये की संदिग्ध नकद राशि बरामद की गई. वाहन में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव एवं कृषि विभाग के चालक रमेश चन्द्र मीणा भी सवार थे, जिनकी भी नियमानुसार तलाशी ली गई. बरामद नकद राशि के स्रोत, औद्योगिक इकाइयों से कथित अवैध वसूली तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका के संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है.
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के निर्देशन में अग्रिम अनुसंधान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 9413502834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी 4 जुलाई को जयपुर को देंगे मेट्रो फेज-2 की सौगात, रोजगार उत्सव में युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र



