Tuesday, October 27, 2026
HomeIndia'धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया, तो राज्यों और शहरों में जाकर...

‘धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया, तो राज्यों और शहरों में जाकर करेंगे विरोध प्रदर्शन’, अभिजीत दीपके का ऐलान

CJP Protest News: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने चेतावनी दी है कि यदि 13 जून तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तो वे देशभर के राज्यों और शहरों में विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर का प्रदर्शन केवल शुरुआत थी और आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाया जाएगा। दीपके ने दावा किया कि सीजेपी किसी राजनीतिक दल से जुड़ी नहीं है और छात्रों-युवाओं के मुद्दों पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।

CJP Protest News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना आंदोलन और तेज करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि यदि 13 जून तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में जाकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे. दीपके का कहना है कि परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए.

‘शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं हुआ, तो राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन’

अभिजीत दीपके ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि जंतर-मंतर पर हुआ प्रदर्शन केवल शुरुआत थी. उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तारित किया जाएगा. दीपके ने कहा, ‘मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि यदि 13 जून तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो मैं व्यक्तिगत रूप से देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में जाकर विरोध प्रदर्शन करूंगा.’

उन्होंने आगे कहा कि राज्यों में प्रदर्शन के बाद भी यदि कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो देशभर के छात्र और युवा एक बार फिर नई दिल्ली में जुटेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे. उनके मुताबिक, यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक शिक्षा मंत्री पद नहीं छोड़ते.

‘आंदोलन की नेपाल और बांग्लादेश से तुलना गलत’

दीपके ने यह भी स्पष्ट किया कि सीजेपी का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है. नेपाल और बांग्लादेश में हाल के वर्षों में हुए छात्र आंदोलनों से तुलना किए जाने पर उन्होंने कहा कि भारत की परिस्थितियां अलग हैं और यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत अपनी बात रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जबकि उसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए थे.

‘सीजेपी किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ा’

सीजेपी संस्थापक ने कहा कि उनका संगठन किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है और यह पूरी तरह युवाओं की आवाज को मंच देने का प्रयास है. उन्होंने दावा किया कि लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसी कारण देशभर में युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है.

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने हाल ही में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया था. अब संगठन अगले चरण की तैयारी में जुट गया है और आने वाले दिनों में देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा घोषित कर सकता है.

ये भी पढ़ें: ईरान-इजराइल में फिर शुरू हुई जंग, दोनों देशों ने एक दूसरे पर दागी मिसाइलें, कई शहरों में सुनाई दी धमाके की आवाज


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image