Obsession Movie : नई दिल्ली। हॉरर और सस्पेंस फिल्मों के लिए मशहूर फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी क्लासिक फिल्म ‘कौन’ को याद किया। वर्मा ने बताया कि अमेरिकी हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ का एक दृश्य देखकर उन्हें 1999 में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘कौन’ में उर्मिला मातोंडकर का दमदार अभिनय याद आ गया।
फिल्म निर्माता ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
राम गोपाल वर्मा ने रविवार को अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो की शुरुआत ‘कौन’ के एक यादगार दृश्य से होती है, जिसके बाद ‘ऑब्सेशन’ का एक दृश्य दिखाया गया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “ऑब्सेशन देखने के बाद मुझे ‘कौन’ से उर्मिला का यह दृश्य याद आ गया।” वर्मा के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर ‘कौन’ और उर्मिला मातोंडकर के अभिनय को लेकर चर्चा तेज हो गई। फिल्म प्रेमियों ने भी उस यादगार प्रदर्शन को याद करते हुए उर्मिला की तारीफ की।
करी बार्कर के निर्देशन में बनी ‘ऑब्सेशन’ इन दिनों दुनियाभर में चर्चा बटोर रही है। फिल्म में इंडे नवारेटे ने निक्की फ्रीमैन और माइकल जॉनस्टन ने बेयर बेली की भूमिका निभाई है। 29 मई को रिलीज हुई इस हॉरर फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ डॉलर से अधिक की कमाई कर बड़ी सफलता हासिल की है।
वहीं, ‘कौन’ हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म की कहानी एक ऐसी युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक तूफानी रात में घर में अकेली होती है और टेलीविजन पर एक खतरनाक सीरियल किलर की खबर देखकर भय और संशय के माहौल में फंस जाती है। पूरी फिल्म रहस्य, रोमांच और मनोवैज्ञानिक तनाव से भरपूर है।
फिल्म में उर्मिला मातोंडकर ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जबकि मनोज बाजपेयी और सुशांत सिंह भी अहम किरदारों में नजर आए थे। आज भी ‘कौन’ को हिंदी सिनेमा की बेहतरीन सस्पेंस फिल्मों में शुमार किया जाता है और राम गोपाल वर्मा का यह पोस्ट एक बार फिर उस फिल्म की यादें ताजा कर गया।



