Sunday, May 17, 2026
HomeCrime Newsविधानसभा में वीआईपी गेट से घुसा नकाबपोश शख्स कार समेत

विधानसभा में वीआईपी गेट से घुसा नकाबपोश शख्स कार समेत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज दोपहर एक गंभीर सुरक्षा चूक का मामला सामने आया, जब एक नकाबपोश व्यक्ति कार लेकर सीधे विधानसभा परिसर के अंदर घुस गया। यह घटना करीब दोपहर 2 बजे की है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी ने अपनी कार से विधानसभा के गेट नंबर-2 से प्रवेश किया, जो आमतौर पर वीआईपी आवाजाही के लिए इस्तेमाल होता है। अंदर घुसते समय उसने लोहे के गेट और बैरियर को टक्कर मारकर पार किया।

परिसर में पहुंचने के बाद वह गाड़ी से उतरा और पोर्च के पास एक गुलदस्ता रख दिया। इसके बाद वह बिना किसी रोक-टोक के मौके से निकल गया। यह गुलदस्ता विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता की गाड़ी के पास रखा गया था। इस अजीब हरकत के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इसे सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।

घटना में इस्तेमाल की गई कार सफेद रंग कीटाटा सिएरा बताई थी, जिस पर उत्तर प्रदेश का रजिस्ट्रेशन नंबर था। यह वाहन सरबजीत सिंह नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि गाड़ी वही चला रहा था या कोई और। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की जांच की। शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।

इस घटना ने विधानसभा जैसे संवेदनशील स्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular