RR vs DC : नई दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रविवार को होने वाला आईपीएल मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर तय करने वाला साबित हो सकता है। दोनों टीमों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है, जहां हार का मतलब प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका होगा। सबकी निगाहें युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की रोमांचक भिड़ंत पर टिकी होंगी। शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यवंशी ने इस सीजन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित किया है, लेकिन अब उनके सामने सीम और स्विंग के मास्टर स्टार्क की सबसे कठिन चुनौती होगी। दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति बेहद नाजुक है। टीम के 12 मैचों में सिर्फ 10 अंक हैं और अगर इस मुकाबले में हार मिली तो प्लेऑफ की दौड़ लगभग खत्म हो जाएगी। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स 11 मैचों में 12 अंकों के साथ अभी भी उम्मीद बनाए हुए है। एक सप्ताह के ब्रेक के बाद टीम नए जोश के साथ मैदान पर उतरेगी और जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।
तेंदुलकर की तरह देशवासियों का चहेता बना सूर्यवंशी
सचिन तेंदुलकर के बाद कोई युवा खिलाड़ी देशवासियों का इस कदर चहेता नहीं बना है जैसे बिहार के समस्तीपुर का सूर्यवंशी बन चुका है। वह फिरोजशाह कोटला पर पहली बार खेलेगा और उनको बल्लेबाजी करते देखना का ऐसा क्रेज है कि फ्री पास मांगने वालों की होड़ मची हुई है। आईपीएल के 19 साल में दिल्ली कैपिटल्स के प्रशंसक वफादार नहीं रहे हैं। जब कोटला पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू खेलती है तो दर्शक ‘कोहली कोहली’ चिल्लाते हैं जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के खेलने पर पूरा कोटला पीले रंग में रंग जाता है और सात नंबर की धोनी की जर्सी ही सर्वत्र नजर आती है। इतने साल में अपने प्रशंसकों का बेस नहीं बना सकी दिल्ली की टीम रविवार को उतरेगी तो इसमें कोई अचरज नहीं होगा अगर दर्शक सूर्यवंशी की हौसलाअफजाई करें।

पिछले 11 मैचों में 40 छक्के लगा चुके और 236 . 55 की स्ट्राइक रेट से 440 रन बना चुके सूर्यवंशी जबर्दस्त फॉर्म में हैं और अब देखना होगा कि स्टार्क उन्हें कैसे रोक पाते हैं । स्टार्क का आईपीएल में प्रदर्शन मिला जुला रहा है। आईपीएल 2024 के फाइनल में उन्होंने बेहतरीन पहला स्पैल डालकर केकेआर की जीत की नींव रखी थी । अगर स्टार्क टेस्ट क्रिकेट वाला अपना फॉर्म लेकर उतरते हैं तो सूर्यवंशी के लिये मुश्किलें खड़ी हो सकती है। अब तक 400 से ज्यादा टेस्ट विकेट ले चुके स्टार्क को शुरूआती स्विंग और सीम मिल जाती है तो सूर्यवंशी की तकनीक की असल परीक्षा होगी।
दिल्ली की टीम ने पिछले कुछ मैच सपाट पिचों पर खेले हैं । उसके लिये कप्तान अक्षर पटेल (12 मैचों में दस विकेट ) और कुलदीप यादव (11 मैचों में सात विकेट ) का खराब फॉर्म चिंता का सबब रहा है । लुंगी एंगिडि को छोड़कर तेज गेंदबाज भी नहीं चल सके हैं। के एल राहुल अकेले बल्लेबाज रहे हैं जिन्होंने दिल्ली के लिये लगातार रन बनाये हैं । नीतिश राणा और समीर रिजवी को बड़ी पारियां खेलनी होंगी। रॉयल्स के लिये चिंता की बात कप्तान रियान पराग (10 मैचों में 207 रन) का खराब फॉर्म है। रॉयल्स के गेंदबाजों ने जोफ्रा आर्चर की अगुवाई में अच्छा प्रदर्शन किया है।
टीमें :
दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, अजय जादव मंडल, करुण नायर, टी नटराजन।
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), अमन राव, शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, ब्रिजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, एडम मिल्ने, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, कुलदीप सेन, यशराज पुंजा, युद्धवीर सिंह। मैच का समय : शाम 7.30 से।



