Saturday, May 30, 2026
HomeIndiaट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरने से 9 लोगों की मौत

ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरने से 9 लोगों की मौत

सहारनपुर। सहारनपुर जिले में ट्रैक्टर—ट्रॉली के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने से उस पर सवार 9 लोगों की मौत हो गयी और 6 अन्य घायल हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजन को 4—4 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को बताया कि थाना देहात कोतवाली ओर बेहट कोतवाली सीमा पर स्थित ताजपुरा में रेढीबोदकी गांव के पास बुधवार को भारी वर्षा होने से सड़क पर पानी भर गया था। तभी एक ट्रैक्टर—ट्रॉली सड़क पर बने गड्ढे में जाने से बचने की कोशिश में अनियंत्रित हो गयी और पास में ही बह रही ढमोला नदी में जा गिरी।

उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर—ट्रॉली में सवार सभी 50 लोग नदी में जा गिरे। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लोगों सुलोचना (58), मंगलेश (50), अदिति (पांच), और अंजू (12) के शव बुधवार रात को ही नदी से निकाल लिये गये थे। बाकी 5 अन्य शव आज निकाले गये हैं। उनकी शिनाख्त की जा रही है। नदी में डूबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मांगलिक ने बताया कि गागलहेडी थाना क्षेत्र के बलेली गांव की रहने वाली 50 से ज्यादा महिलाएं, पुरूष और बच्चे जाहरवीर गोगा तीर्थस्थल से ट्रैक्टर—ट्रॉली पर सवार होकर थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के रण्डौल गांव जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया। मांगलिक ने बताया कि हादसे में घायल 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच, राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता तत्काल देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mamta Berwa
Mamta Berwa
JOURNALIST
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image