जयपुर। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक 48.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान कई बूथों पर EVM में तकनीकी खराबी, फर्जी वोटिंग के आरोप और प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद के मामले सामने आए। कुछ जगह EVM खराब होने के कारण मतदाताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कई मतदाता बिना वोट डाले ही लौट गए।
वार्ड 49 और 101 में फर्जी वोटिंग के आरोप
सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 49 में कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह सिंघानिया ने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए मतदान केंद्र पर समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कुछ मतदाताओं के बूथ पर पहुंचने से पहले ही उनके नाम पर किसी अन्य व्यक्ति ने वोट डाल दिया।
वहीं वार्ड 101 में पानीपेंच वाटर वर्क्स स्थित मतदान केंद्र पर निर्दलीय प्रत्याशी विष्णु ब्याणी के समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। वार्ड 62 के जगतपुरा-टीलावाला क्षेत्र में भी फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर हंगामा हुआ।
EVM खराब होने से मतदाता परेशान
मतदान के दौरान कई बूथों पर EVM में तकनीकी खराबी की शिकायत सामने आई। पुरानी बस्ती के वार्ड 106 स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल के बूथ पर EVM खराब होने के कारण करीब आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। बाद में दूसरी मशीन लगाकर मतदान शुरू कराया गया। इस दौरान कुछ मतदाता बिना मतदान किए वापस लौट गए।
वार्ड 113 के कांवटिया का खुर्रा स्थित अग्रवाल धर्मशाला के मतदान केंद्र पर भी EVM खराब होने के बाद मतदाताओं ने हंगामा किया। चुनाव शुरू होने से पहले मॉकपोल के दौरान भी वार्ड 149, 150 और 116 से 132 तक कई EVM में तकनीकी समस्या की शिकायतें सामने आई थीं।
बूथ पर प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद
वार्ड 114 के केसरियों की धर्मशाला स्थित मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद और झड़प हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।वार्ड 26 के मंगलम सिटी गवर्नमेंट स्कूल बूथ पर कांग्रेस एजेंट के नहीं बैठने को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी ने हंगामा किया। प्रत्याशी ने मतदान कर्मचारियों पर सरकार से मिलीभगत के आरोप लगाए।वहीं वार्ड 27 में भाजपा प्रत्याशी द्वारा एक बुजुर्ग मतदाता के पैर छूने का मामला भी चर्चा में रहा।
अब तक कितना मतदान?
जयपुर नगर निगम चुनाव में सुबह 10 बजे तक 16.23 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 37.40 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 48.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।मतदान के बीच फर्जी वोटिंग के आरोप, EVM की तकनीकी दिक्कत और बूथों पर विवाद से चुनावी माहौल गर्म बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील बूथों पर नजर बनाए हुए हैं।



