जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस को मिल रही शिकायतों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने PCC वार रूम से अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने पाली और सीकर के जिला कलेक्टरों से फोन पर बात कर चुनाव से जुड़े मामलों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पाली जिले में एक कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा कथित दबाव के चलते आत्महत्या किए जाने के मामले को डोटासरा ने गंभीरता से लिया। उन्होंने जिला कलेक्टर से घटना की जानकारी लेते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। डोटासरा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं, सीकर में जीप की टक्कर से कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के मामले में भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर से बात की। उन्होंने हादसे के बाद प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई और जांच की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली।
कार्यकर्ताओं से भी लिया फीडबैक
डोटासरा ने PCC वार रूम से अलग-अलग जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी बातचीत की। इस दौरान मतदान प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली गई।
उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचाकर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। डोटासरा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदान के दौरान किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर उसकी जानकारी पार्टी वार रूम को तुरंत दी जाए।
कांग्रेस की ओर से चुनाव के दौरान जिलों से आने वाली शिकायतों पर लगातार नजर रखी जा रही है। डोटासरा ने अधिकारियों से समन्वय कर यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि शिकायतों का समय पर समाधान हो और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से पूरी हो।



