Tuesday, November 10, 2026
HomeNational Newsनरेश मीणा की तलाश में बारां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 ठिकानों...

नरेश मीणा की तलाश में बारां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 ठिकानों पर छापेमारी; 8 लोग हिरासत में

जयपुर। राजस्थान के बारां जिले में भगत सेना प्रमुख नरेश मीणा की तलाश में पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है। नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय में वनकर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में सोमवार को अटरू डीएसपी रामानंद यादव के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बारां-झालावाड़ सीमा से सटे गांवों में दबिश दी। पुलिस ने छह संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर छह संदिग्ध वाहन जब्त किए हैं। वहीं, आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

25 पैसे का इनाम घोषित, फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर

नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए बारां पुलिस ने 25 पैसे का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के नेतृत्व में विशेष टीमें पिछले तीन दिनों से संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। इसके बावजूद पुलिस को अभी तक नरेश मीणा का कोई सुराग नहीं मिला है।

अटरू डीएसपी रामानंद यादव के अनुसार, नाहरगढ़ में वनकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में नरेश मीणा वांछित हैं। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

25 पैसे का इनाम क्यों बना चर्चा का विषय?

नरेश मीणा पर घोषित 25 पैसे का इनाम चर्चा का विषय बना हुआ है। आमतौर पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हजारों या लाखों रुपए का इनाम घोषित किया जाता है, लेकिन इस मामले में पुलिस ने महज चवन्नी का इनाम रखा है।

इस कदम को पुलिस की अलग रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इसका उद्देश्य आर्थिक लालच देने के बजाय आरोपी के प्रभाव और रुतबे को चुनौती देने का संदेश देना है। राजस्थान में इससे पहले भी भरतपुर पुलिस एक मोस्ट वांटेड अपराधी के खिलाफ 25 पैसे का इनाम घोषित कर चुकी है।

1 नवंबर को वन विभाग कार्यालय में हुआ था विवाद

पूरा मामला 1 नवंबर का है। नाहरगढ़ कस्बे में चुनाव प्रचार के दौरान वन विभाग की ओर से एक ट्यूबवेल का पंपसेट और जनरेटर जब्त किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद नरेश मीणा अपने समर्थकों के साथ वन विभाग के रेंज कार्यालय पहुंचे और वहां हंगामा किया।

वनकर्मियों ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। साथ ही कार्यालय में तोड़फोड़ कर जब्त किया गया सामान जबरन ले जाया गया। घटना के बाद वन विभाग की शिकायत पर अटरू और नाहरगढ़ थानों में राजकार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पहले सरेंडर का किया था ऐलान, अब कोर्ट जाने की बात

नरेश मीणा ने 6 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए आत्मसमर्पण करने की घोषणा की थी, लेकिन वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। इसके बाद हालिया सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने पुलिस के सामने सरेंडर करने के बजाय सीधे न्यायालय की शरण लेने की बात कही है।

उधर, बारां पुलिस का कहना है कि नरेश मीणा की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image