मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए एक ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने और दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी दी गई। सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गईं।
ईमेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई थी। वहीं, दिलजीत दोसांझ पर आत्मघाती हमले की धमकी भी दी गई। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की विश्वसनीयता की जांच कर रही है।
ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे और ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र
रिपोर्ट के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए थे। इसमें 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख-विरोधी दंगों का भी उल्लेख किया गया। ईमेल में दावा किया गया कि दिलजीत दोसांझ ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जाएगा।
ईमेल में 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत दोसांझ पर आत्मघाती हमले की धमकी भी दी गई थी। हालांकि, ईमेल में किए गए दावों और धमकियों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
बीएमसी मुख्यालय में सुरक्षा एजेंसियों ने की जांच
धमकी की सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीमें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय पहुंचीं। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों सहित विभिन्न कक्षों की तलाशी ली गई।
पुलिस और साइबर सेल ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है।
पांच दिन पहले टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
यह धमकी ऐसे समय सामने आई है, जब मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना भी हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने के बाद निकलते समय उनकी कार पर पांच राउंड गोलियां चलाई गई थीं।
इस घटना में टाइगर श्रॉफ को चोट नहीं आई, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर थी। मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस फायरिंग मामले की अलग से जांच कर रही है।
मुंबई के स्कूलों को भी मिले धमकी भरे ईमेल
इसी दौरान मुंबई के दादर इलाके के करीब चार स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिलने की खबर सामने आई। सूचना के बाद पुलिस ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
लगातार मिल रही धमकियों के बीच पुलिस ईमेल भेजने वालों की पहचान करने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने में जुटी है।



