Saturday, July 11, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentएक कलाकार की जिद, एक युग की कहानी…श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’ लेकर...

एक कलाकार की जिद, एक युग की कहानी…श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’ लेकर आ रही है विठाबाई की अनसुनी दास्तान

श्रद्धा कपूर स्टारर ‘ईथा’ सिर्फ एक बायोपिक नहीं, बल्कि उस कलाकार की कहानी है जिसने अपनी कला और हौसले से महाराष्ट्र की लोक परंपरा को नई पहचान दी। फिल्म में विठाबाई नारायणगांवकर के 1940 से 1990 तक के सफर, संघर्ष और उपलब्धियों को दिखाया जाएगा, जिसे लक्ष्मण उतेकर पर्दे पर लेकर आ रहे हैं।

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर अपनी अगली फिल्म ‘ईथा’ के साथ एक बिल्कुल नए और दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म का टीजर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। भावनाओं, संघर्ष और कला की गहरी कहानी दिखाने वाली यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं, जबकि इसे दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस ने प्रोड्यूस किया है। ‘ईथा’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 28 अगस्त 2026 (रक्षाबंधन के मौके पर) रिलीज होगी।

विठाबाई नारायणगांवकर की संघर्ष और सफलता की कहानी है ‘ईथा’


‘ईथा’ महाराष्ट्र की महान लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। फिल्म में उनके सफर को दिखाया जाएगा कैसे उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों के बीच अपनी कला को पहचान दिलाई और लोक रंगमंच की दुनिया में एक अलग मुकाम हासिल किया। विठाबाई अपनी शानदार लावणी और तमाशा प्रस्तुतियों के लिए जानी जाती थीं। उनकी कला ने कई पीढ़ियों के दर्शकों को प्रभावित किया। भारत सरकार की ओर से भी उनके योगदान को सम्मान मिला था। उन्हें 1957 और 1990 में राष्ट्रपति सम्मान से नवाजा गया था। लावणी महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक नृत्य शैली है, जिसमें तेज लय, दमदार भाव-भंगिमाएं और कहानी कहने की खास शैली देखने को मिलती है। इसमें ढोलकी की ताल, संगीत और नृत्य के जरिए प्रेम, समाज और जीवन से जुड़े विषयों को पेश किया जाता है। विठाबाई ने इसी कला को अपनी पहचान बनाया और तमाशा परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

श्रद्धा कपूर का दिखेगा अब तक का अलग अंदाज


‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर पहली बार एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जिसमें उन्हें लोक कलाकार के संघर्ष, भावनाओं और जुनून को पर्दे पर दिखाना होगा। टीजर में उनका बदला हुआ अंदाज और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। फैंस श्रद्धा के इस नए अवतार को उनके करियर के सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक बता रहे हैं। ‘ईथा’ निर्देशक लक्ष्मण उतेकर और निर्माता दिनेश विजान की जोड़ी की अगली बड़ी फिल्म है। इससे पहले दोनों ने ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘छावा’ के लिए साथ काम किया था, जिसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। अब यह जोड़ी एक बार फिर इतिहास और संस्कृति से जुड़ी एक भावनात्मक कहानी लेकर आ रही है।

क्यों खास है ‘ईथा’?


‘ईथा’ सिर्फ एक कलाकार की कहानी नहीं है, बल्कि यह भारत की लोक कला, परंपरा और उस कलाकार के संघर्ष की कहानी है जिसने अपनी मेहनत से अपनी पहचान बनाई। फिल्म का टीजर संकेत देता है कि दर्शकों को एक भावनात्मक और यादगार सिनेमाई अनुभव देखने को मिल सकता है। श्रद्धा कपूर के अलावा फिल्म में रणदीप हुड्डा और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी 1940 के दशक से लेकर 1990 के दशक तक के सफर को दिखाएगी, जिसमें विठाबाई के संघर्ष, सफलता और कला के प्रति समर्पण को पेश किया जाएगा। अब नजरें 28 अगस्त 2026 पर हैं, जब श्रद्धा कपूर ‘ईथा’फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर नज़र आएगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image