Thursday, April 16, 2026
HomeLatest Newsबंगाल में योगी आदित्यनाथ का बड़ा हमला, ममता सरकार पर भ्रष्टाचार और...

बंगाल में योगी आदित्यनाथ का बड़ा हमला, ममता सरकार पर भ्रष्टाचार और माफिया राज के आरोप, ‘डबल इंजन’ का दिया नारा

Bengal Elections 2026 : रामपुरहाट/बाराबनी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में भ्रष्टाचार, जबरन वसूली और “माफिया राज” ने पश्चिम बंगाल को “पहचान के संकट” में धकेल दिया है। योगी ने बीरभूम के रामपुरहाट और बोलपुर तथा पश्चिम बर्धवान के बाराबनी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कभी देश की सांस्कृतिक राजधानी माने जाने वाले बंगाल को तृणमूल कांग्रेस सरकार के तहत “अपराध की राजधानी” में बदल दिया गया है। उन्होंने कहा, तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को भारत की सांस्कृतिक राजधानी से ‘अपराध की राजधानी’ में बदल दिया है। भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल को फिर से देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाया जाएगा।

बंगाल की जनता को अब तृणमूल कांग्रेस की जरूरत नहीं : योगी

योगी ने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि बंगाल की जनता को अब तृणमूल कांग्रेस की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, पिछले 15 वर्षों से बंगाल पहचान के संकट का सामना कर रहा है। तृणमूल कांग्रेस सरकार में आतंक, जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और माफिया राज प्रदेश की पहचान बन गए हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आम लोगों, खासकर महिलाओं और युवाओं के बीच डर का माहौल उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा, लोग खौफ में जी रहे हैं। बेटियां और बहनें सुरक्षित नहीं हैं, युवाओं का कोई भविष्य नहीं है और राजनीतिक संरक्षण में माफिया पनप रहे हैं। भाजपा इस माफिया संस्कृति को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए योगी ने आरोप लगाया कि राज्य विभिन्न माफियाओं के कब्जे में है। उन्होंने कहा, ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल रेत माफिया, कोयला माफिया, भूमि माफिया और पशु माफिया के हाथों में चला गया है। ये माफिया राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहे हैं। योगी ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ सरकार पर केंद्रीय धन की हेराफेरी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से गरीबों और विकास के लिए पैसा भेजते हैं, लेकिन तृणमूल नेता और उनके समर्थक उस पैसे को लोगों तक पहुंचने से पहले ही लूट लेते हैं। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने से पहले के हालात की तुलना पश्चिम बंगाल से करते हुए योगी ने कहा कि उनका राज्य भी कभी लगातार दंगों, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का गवाह था। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में आज जो स्थिति दिख रही है, वह नौ साल पहले उत्तर प्रदेश में थी। वहां अराजकता, भय, दंगे, आपराधिक गिरोह और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार था। विकास के लिए दिए गए धन को लूट लिया जाता था।

बंगाल की समस्याओं का जवाब डबल इंजन सरकार है : योगी

यह दावा करते हुए कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के तहत परिवर्तन आया है, योगी ने कहा कि बंगाल की समस्याओं का जवाब डबल इंजन’’ सरकार है। उन्होंने कहा, ‘‘नौ साल पहले, उत्तर प्रदेश में हर दूसरे या तीसरे दिन दंगे होते थे। त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। महिलाएं असुरक्षित थीं, गुंडागर्दी चरम पर थी और अपराधियों तथा माफिया ने सबकुछ नियंत्रित कर रखा था। आज, स्थिति पूरी तरह से बदल गई है। योगी ने कहा, बंगाल के लिए एकमात्र उपाय ‘डबल इंजन’ वाली भाजपा सरकार है। भाजपा नेता ने धार्मिक मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में “जय श्रीराम” का नारा लगाने से लोग हिचकते थे, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद स्थिति बदल गई है। उन्होंने कहा,याद कीजिए, पहले उत्तर प्रदेश की क्या स्थिति थी। एक समय था जब लोग ‘जय श्रीराम’ कहने से डरते थे। आज अयोध्या में दुनिया का भव्य राम मंदिर स्थित है।

योगी ने कहा कि भाजपा न तो गौहत्या होने देगी और न ही हिंदुओं को बंटने देगी। उन्होंने कहा, हम गौ माता का वध नहीं होने देंगे और हिंदुओं को विभाजित नहीं होने देंगे। योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी सुधर गई है कि “लव जिहाद” और “भूमि जिहाद” जैसी घटनाएं अब नहीं होतीं।उन्होंने कहा, आज उत्तर प्रदेश में अशांति नहीं, बल्कि उत्सव का माहौल है। लव जिहाद या भूमि जिहाद की कोई घटना नहीं होती। यदि ऐसी कोई घटना होती है तो इतनी कड़ी कार्रवाई की जाती है कि सात पीढ़ियां याद रखें। योगी ने आरोप लगाया कि यदि कोई भू-माफिया उत्तर प्रदेश में सरकारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करता है तो राज्य सरकार उसे वापस लेकर जनकल्याण योजनाओं में इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा, यदि कोई गरीबों, व्यापारियों या सरकार की जमीन पर कब्जा करता है, तो हम उसे वापस लेकर वहां गरीबों के लिए मकान बनाते हैं।

योगी ने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में 65 लाख गरीबों को मकान उपलब्ध कराए गए हैं और 16 करोड़ लोग मुफ्त राशन प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा, आज हमने उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीबों को मकान दिए हैं और 16 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है। बोलपुर की रैली में योगी ने “घुसपैठियों” को चेतावनी देते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर उन्हें देश से बाहर निकाल दिया जाएगा। उन्होंने कहा, इस बात की चिंता मत कीजिए कि कोई मौलाना या तृणमूल नेता क्या कहता है। भाजपा की सरकार बनने दीजिए, अव्यवस्था पैदा करने वालों को लाइन पर लाया जाएगा।भाजपा के विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र ने अनुच्छेद 370 को हटाकर उनके सपने को पूरा किया है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular