World Boxing Rankings 2026: मुक्केबाजी में भारत का दबदबा देखने को मिला है. नवीनतम विश्व मुक्केबाजी रैंकिंग में भारत की स्टार मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया महिला 57 किलोग्राम वर्ग में दुनिया की नंबर-1 मुक्केबाज बन गई हैं. वहीं एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता प्रिया घंघास (60 KG) और पुरुष वर्ग में विश्वनाथ सुरेश (50 KG) अपने-अपने भार वर्ग में शीर्ष 3 मुक्केबाजों में शामिल हैं.
विश्व स्तर पर भारतीय मुक्केबाज कर रहे शानदार प्रदर्शन
भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन विश्व स्तर पर लगातार बेहतर हो रहा है. महिला वर्ग के 10 में से 9 भार वर्गों में भारतीय खिलाड़ियों ने टॉप-10 में जगह बनाई है, जबकि पुरुष वर्ग के 10 में से 8 भार वर्गों में भारत के मुक्केबाज शीर्ष 10 में शामिल हैं. महिला वर्ग में मीनाक्षी 48 किलोग्राम वर्ग में दुनिया की नंबर-1 मुक्केबाज बनी हुई हैं. वहीं प्रीति पवार ने 54 किग्रा वर्ग में पांच स्थान की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया है.
अरुंधति चौधरी, पूजा रानी, नुपूर अपने-अपने वर्ग में दूसरे नंबर पर
एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली जैस्मिन लंबोरिया ने एक स्थान का सुधार करते हुए विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है. इसके अलावा विश्व कप पदक विजेता अरुंधति चौधरी (70 KG), पूजा रानी (80 KG) और नुपूर (80 KG से अधिक) अपने-अपने वर्ग में दूसरे स्थान पर हैं.
हालांकि दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह 51 किलोग्राम वर्ग में चौथे स्थान पर खिसक गई हैं. वहीं ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन 75 किग्रा वर्ग में सातवें स्थान पर बरकरार हैं.
पुरुष वर्ग में भी टॉप 5 में भारत के मुक्केबाज
पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच (60 KG) और नरेंद्र बेरवाल (90 kG से अधिक) शीर्ष 5 मुक्केबाजों में शामिल हैं. विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता हितेश गूलिया (70 KG) छठे स्थान पर हैं, जबकि अभिनाश जामवाल (65 KG) आठवें स्थान पर काबिज हैं.
मुक्केबाजी में भारत का दबदबा
रैंकिंग के आधार पर भारत वैश्विक स्तर पर टॉप-10 मुक्केबाजों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. महिला मुक्केबाजी में भारत दुनिया की दूसरी सबसे मजबूत ताकत बनकर उभरा है, जबकि पुरुष वर्ग में चौथे स्थान पर है. यह उपलब्धि भारतीय मुक्केबाजी के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत का प्रमाण है.
ये भी पढ़ें: हनुमानगढ़ में ACB के हत्थे चढ़ा घूसखोर पटवारी, 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा



