Delhi Bus Gangrape: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक स्लीपर बस के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बस के चालक और परिचालक पर महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि यह घटना 11 मई की रात हुई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस ने अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) ने इस घटना की तुलना 2012 के निर्भया सामूहिक बलात्कार-हत्या कांड से की और इसे ‘बड़ी शर्मिंदगी’ बताया।
सूत्रों ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर 12 मई को रानी बाग थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) (बलात्कार), 70(1) (सामूहिक बलात्कार) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। एक पुलिस सूत्र ने कहा, ‘आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।’ उन्होंने यह भी बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला एक फैक्ट्री में काम करने के बाद घर लौट रही थी और जब वह सरस्वती विहार में बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास पहुंची, तो उसने एक आरोपी को बस के दरवाजे के पास खड़ा देखा और उससे समय पूछा। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे बस के अंदर खींच लिया और उसके साथ बलात्कार किया।

‘आप’ की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा, ‘बड़ी शर्म की बात है – निर्भया की पुनरावृत्ति। समय पूछने के बहाने रात में बस में 30 वर्षीय महिला को उठाया गया। फिर चलती बस में करीब 2 घंटे तक कई लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। बस दिल्ली के रानी बाग इलाके में 7 किलोमीटर तक घूमती रही।’

नांगलोई तक घूमती रही बस
दिल्ली में सामने आए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में अब बस से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। शुरुआती जांच के अनुसार, जिस स्लीपर बस में यह वारदात हुई, वह बिहार में रजिस्टर्ड है और दिल्ली-बिहार रूट पर चलती है। बस का नंबर BR 28P 3941 बताया जा रहा है। पीड़िता, जो पीतमपुरा इलाके की रहने वाली है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है, ने आरोप लगाया कि सोमवार रात नारंगी और काले रंग की स्लीपर बस में उसके साथ दो लोगों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला के अनुसार, वह लगातार मदद के लिए चीखती रही, लेकिन उसे कोई सहायता नहीं मिली। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दुष्कर्म के बाद चलती बस से महिला को फेंका
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कथित वारदात के दौरान बस करीब दो घंटे तक शहर में घूमती रही और यह सिलसिला नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास तक जारी रहा। महिला के अनुसार, आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे गंभीर हालत में देर रात सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।



