Gurugram Woman Arrested : नोएडा। हरियाणा के गुरुग्राम में एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस ने उस महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया था कि उसने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के लिए गोमांस पकाया है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो के वायरल होने के बाद धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान ज्योत्सना बीबी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर की रहने वाली है और गुरुग्राम के चक्करपुर गांव में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, 30 मई को चक्करपुर पुलिस चौकी को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो की जानकारी मिली थी। इसके बाद चक्करपुर गांव निवासी दिनेश यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि वीडियो में महिला कथित तौर पर यह कहते हुए दिखाई दे रही है, मैंने आपके लिए कुछ गोमांस पकाया है। आपने मुझे इस बार कुर्बानी नहीं करने दी।

अदालत ने जमानत देने से किया इनकार
शिकायत के आधार पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर 30 मई को महिला को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मंगलवार को आरोपी की ओर से जमानत याचिका दायर की गई, लेकिन अदालत ने फिलहाल राहत देने से इनकार कर दिया। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन की अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 8 जून के लिए निर्धारित की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पुलिस ने अदालत में दलील दी कि आरोपी को जमानत दिए जाने पर वह गवाहों को प्रभावित कर सकती है। इसी आधार पर जमानत का विरोध किया गया। गौरतलब है कि हाल ही में पश्चिम बंगाल सरकार ने बिना “फिट सर्टिफिकेट” के पशु वध पर रोक संबंधी दिशानिर्देश जारी किए थे और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी।



