लखनऊ (प्रज्ञा पांडे)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति और उसकी कथित प्रेमिका को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महिला की हत्या की और सबूत मिटाने के इरादे से शव को गोमती नदी में फेंक दिया। इसके बाद पति ने खुद ही पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेंद्र प्रताप सिंह (31) और उसकी कथित प्रेमिका आरती वर्मा (31) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 30 और 31 जुलाई की दरमियानी रात उमेंद्र ने रहीमाबाद थाने में अपनी पत्नी अंजलि सिंह के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की। अगले ही दिन, 31 जुलाई को इटौंजा थाना क्षेत्र में गोमती नदी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। बाद में परिजनों ने शव की पहचान अंजलि सिंह के रूप में की।
अंजलि के भाई ने पति पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दी। इसके बाद रहीमाबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को उमेंद्र पर शक हुआ और 1 अगस्त की रात उसे आदौरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उमेंद्र ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी को उसके और आरती वर्मा के कथित प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी। अंजलि इस रिश्ते का विरोध करती थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि इसी वजह से उमेंद्र और आरती ने मिलकर अंजलि की हत्या की साजिश रची। 30-31 जुलाई की रात कथित तौर पर पहले महिला का मुंह दबाया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों ने शव को कार में रखकर गोमती नदी में फेंक दिया। इसके बाद उमेंद्र ने घर से पत्नी के गहने निकालकर आरती को दे दिए, ताकि ऐसा लगे कि अंजलि खुद घर छोड़कर चली गई है। अगले दिन उसने थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी, जिससे पुलिस का शक भटकाया जा सके। उमेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने आरती वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से अंजलि के 32 गहने, दो मोबाइल फोन और वह स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर शव को नदी तक ले जाने में किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।



