कोटा। सांगोद क्षेत्र के वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी चौथमल सुमन की जीत की कहानी इन दिनों चर्चा में है। चुनाव परिणाम आने के दौरान चौथमल किसी जश्न या पार्टी कार्यालय में नहीं, बल्कि गांव में पानी की पाइपलाइन ठीक करने के काम में जुटे हुए थे।
चौथमल पेशे से पाइपलाइन मिस्त्री हैं। चुनाव के दिन भी वह ग्रामीणों की समस्या दूर करने के लिए एक गहरे गड्ढे में उतरकर पाइपलाइन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान उनके पास फोन आया। फोन पर गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि “चौथमल, तू तो चुनाव जीत गया रे!”
जीत की खबर सुनते ही गड्ढे में काम कर रहे चौथमल के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने वहीं से हाथ उठाकर अपनी जीत का इशारा किया। मिट्टी और पानी से सने कपड़ों में उनकी तस्वीर अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है।
32 वोट से दर्ज की जीत
चुनावी नतीजों के मुताबिक चौथमल सुमन ने 231 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनके निकटतम भाजपा प्रत्याशी को 199 वोट मिले। इस तरह चौथमल ने 32 वोटों के अंतर से चुनाव जीता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौथमल लंबे समय से गांव के छोटे-बड़े कामों में सक्रिय रहते हैं और लोगों की समस्याओं को करीब से समझते हैं। यही वजह मानी जा रही है कि मतदाताओं ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना।
चौथमल की जीत की खास बात यह रही कि जिस समय उन्हें अपनी जीत की खबर मिली, उस वक्त भी वह ग्रामीणों की समस्या सुलझाने में जुटे हुए थे। गड्ढे से निकले, तो जीत की खबर मिली और ग्रामीणों का प्यार भी।



