West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच मुर्शिदाबाद जिले के नौदा इलाके से हिंसा की घटना सामने आई है. वोटिंग के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर देसी बम फेंक दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हालांकि, अभी तक घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
अचानक घटना से बने भगदड़ जैसे हालात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना अचानक हुई, जिससे वहां मौजूद मतदाताओं में डर और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हमले के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की. अधिकारियों ने बताया कि हमले में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.
VIDEO | West Bengal Election 2026: Several people injured as unidentified people hurled crude bomb in Nowda, Murshidabad district. More details are awaited.#AssemblyPollsWithPTI#WestBengalPollsWithPTI
— Press Trust of India (@PTI_News) April 23, 2026
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/W7G5A9OqR6
पहले चरण में 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान चल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि उत्तर में दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी से लेकर दक्षिण में मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम और हुगली तक के जिलों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें नजर आईं. पहले चरण में राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर मतदान हो रहा है.
सुरक्षा में 2.5 लाख जवान तैनात
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें लगभग 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 ‘थर्ड जेंडर’ मतदाता शामिल हैं. चुनाव के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2,450 टुकड़ियां यानी लगभग 2.5 लाख जवान तैनात किए गए हैं. 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है.



