Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रदेशभर में आंधी-बारिश का दौर लगातार जारी है। रविवार दोपहर बाद जयपुर, चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कुछ क्षेत्रों में करीब एक इंच तक वर्षा दर्ज की गई, जबकि जयपुर, अलवर, दौसा और टोंक में बारिश से पहले तेज आंधियां चलीं। फलोदी 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम में आए बदलाव का असर पूर्वी राजस्थान के साथ-साथ पश्चिमी जिलों में भी देखने को मिला। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताते हुए सोमवार के लिए 15 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया ऑरेंज अलर्ट
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, दौसा और भरतपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों को येलो अलर्ट श्रेणी में रखा गया है। राजधानी जयपुर में दोपहर तक मौसम साफ रहा, लेकिन शाम होते-होते घने बादल छा गए और तेज आंधी के साथ कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई।
जानिए कब होगी प्रदेश में मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में 24 से 25 जून के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। फिलहाल 17 जून तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं, हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मानसून के दौरान सामान्य से कुछ कम बारिश हो सकती है।



