Vaibhav Suryavanshi News : नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) की बल्लेबाजी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी शानदार हैंड-आई कोऑर्डिनेशन, बेहतरीन बैट स्विंग और निडर अंदाज उन्हें बेहद खास बनाते हैं। वेंगसरकर के अनुसार, वैभव की बल्लेबाजी किसी भी दर्शक को हैरान कर सकती है। राष्ट्रीय चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष वेंगसरकर को उम्मीद है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम में पदार्पण का मौका मिलने पर सूर्यवंशी उसका पूरा फायदा उठाएंगे।

मुझे पूरा विश्वास है कि वैभव को मौका मिलेगा : वेंगसरकर
मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) की टीम के साथ ब्रिटेन दौरे पर मौजूद वेंगसरकर ने बातचीत में कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि वैभव को मौका मिलेगा और जब भी मिलेगा, वह उसे पूरी तरह भुनाएगा। वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और उसकी बल्लेबाजी वाकई हैरत में डालने वाली है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उसमें अपार क्षमता है। वह कुछ ऐसे शॉट खेलता है, जिन पर यकीन करना मुश्किल होता है। उसकी बल्लेबाजी की शैली बिल्कुल अलग है। शानदार ‘बैट स्विंग’ और ‘हैंड-आई कोऑर्डिनेशन’ की बदौलत वह आसानी से गेंद को मैदान के बाहर पहुंचा सकता है। टी20 क्रिकेट में उसने शानदार प्रदर्शन किया है।

सूर्यवंशी को सचिन तेंदुलकर से सीख लेनी चाहिए : वेंगसरकर
सूर्यवंशी के टेस्ट क्रिकेट में भविष्य के बारे में पूछे जाने पर वेंगसरकर ने कहा, ‘‘ मैंने उसे लंबे प्रारूप में खेलते नहीं देखा है। लेकिन मुझे विश्वास है कि मौका मिलने पर वह वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’ उन्होंने सूर्यवंशी को महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा, ‘‘ तेंदुलकर अपनी उम्र से कहीं अधिक परिपक्व नजर आते थे। वह शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेलने के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार थे और इसी वजह से उनका चयन हुआ था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘तेंदुलकर बेहद अनुशासित, जुनूनी और लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित थे।
सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।’’ वेंगसरकर ने भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर की भी सराहना करते हुए कहा, ‘‘वह उदाहरण पेश करते हुए टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।’’ रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप खेलने की संभावनाओं पर वेंगसरकर ने कहा कि इसका फैसला स्वयं रोहित को ही करना चाहिए।



