मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपनी 15 महीने की नातिन इवारा को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इवारा रोज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर देखती है और उन्हें गणपति मंदिर में चढ़ाए गए लड्डू भी खिलाती है। सुनील शेट्टी का कहना है कि परिवार ने उसे ऐसा करने के लिए कभी नहीं सिखाया, लेकिन वह खुद हर सुबह ऐसा करती है।एक इंटरव्यू के दौरान सुनील शेट्टी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि एक ऐसे नेता की बात है जो उन्हें प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि एक बार एयरपोर्ट पर इवारा की नैनी ने उसे नरेंद्र मोदी की तस्वीर दिखाई थी। इसके बाद से वह रोज साईं बाबा की किताब में लगी मोदी की तस्वीर खोलकर ‘मोदी जी… मोदी जी…’ कहती है।
सुनील शेट्टी ने आगे बताया कि उनकी नातिन रोज गणपति की मूर्ति के पास जाती है, वहां से लड्डू उठाकर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर के सामने रखती है, मानो उन्हें प्रसाद खिला रही हो। उनके मुताबिक, परिवार के किसी सदस्य ने उसे ऐसा करने के लिए नहीं कहा, इसलिए उन्हें यह व्यवहार बेहद हैरान करने वाला लगता है।उन्होंने यह भी बताया कि पहली बार वर्ष 2010 में अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद से वह उनके व्यक्तित्व से प्रभावित हैं और आज भी उन्हें एक प्रेरणादायक नेता मानते हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सुनील शेट्टी की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में अक्षय कुमार, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, परेश रावल और राजपाल यादव समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं। वहीं उनकी बेटी अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल की बेटी इवारा फिलहाल 15 महीने की हैं और परिवार उसकी निजता बनाए रखने के लिए ‘नो फोटो पॉलिसी’ का पालन कर रहा है।



