Pete Hegseth statement Iran : वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री पीटर हेगसेथ का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को “दुनिया के लिए उपहार” बताते हुए साफ किया कि ईरानी जहाजों पर अमेरिकी नाकाबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक इसकी आवश्यकता होगी।
पीटर हेगसेथ ने ईरान युद्ध को दुनिया के लिए उपहार बताया
पेंटागन में मीडिया से बातचीत के दौरान हेगसेथ ने कहा कि यह मिशन वैश्विक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। उन्होंने इसे “साहसिक और जोखिमपूर्ण अभियान” बताते हुए कहा कि अमेरिका ईरान से जुड़े खतरों को खत्म करने के अपने लक्ष्य पर कायम है। हेगसेथ के इस बयान के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस कदम के प्रभावों पर भी नजर बनी हुई है।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि नाकाबंदी के कारण अब तक 34 जहाजों को वापस भेज दिया गया है, लेकिन पोत-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि ईरान अब भी अपने प्रतिबंधित तेल का कुछ हिस्सा स्थानांतरित करने में सक्षम है। नौवहन डेटा और खुफिया जानकारी से जुड़ी कंपनी ‘लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस’ ने कहा कि फारस की खाड़ी में ‘‘अवैध बेड़ों की आवाजाही का एक निरंतर प्रवाह’’ रहा है, जिसमें ईरानी माल से भरे 11 टैंकर भी शामिल हैं जो 13 अप्रैल से जलडमरूमध्य के बाहर ओमान की खाड़ी से रवाना हुए हैं।
समुद्री खुफिया फर्म विंडवर्ड ने इस सप्ताह कहा कि ईरानी यातायात ‘‘धोखे के माध्यम से’’ जारी है। ईरानी पोत ट्रैकिंग डेटा में हेराफेरी करके और पाकिस्तानी जलक्षेत्र से यात्रा करके नाकाबंदी से बचने में सक्षम हैं।



