Marco Rubio Jaipur Visit : जयपुर। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट रूबियो (Janet Rubio) के साथ जयपुर स्थित ऐतिहासिक आमेर किला पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच रूबियो दंपति का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
आमेर किले में उन्होंने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होते हुए कच्ची घोड़ी और घूमर जैसे लोकनृत्यों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
पर्यटक गाइड महेश कुमार शर्मा ने बताया कि रूबियो का दौरा लगभग आधे घंटे तक चला, जिसमें प्रतिनिधिमंडल ने किले के कई प्रमुख हिस्सों का भ्रमण किया। उन्होंने कहा, रूबियो को आमेर किले के इतिहास और स्थापत्य महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद वह दीवान-ए-आम पहुंचे, जहां से उन्होंने विशाल किला परिसर और आस-पास का दृश्य देखा।
शर्मा ने बताया कि रूबियो ने विशेष रूप से किले की जल प्रबंधन प्रणाली में रूचि दिखाई और पहाड़ी पर स्थित किले में जल आपूर्ति के स्रोत के बारे में पूछा। अमेरिकी विदेश मंत्री को पारंपरिक वर्षा जल संचयन प्रणाली के बारे में बताया गया, जिसे सुनकर वह सदियों पुरानी इंजीनियरिंग तकनीकों से प्रभावित दिखे। विदेश मंत्री ने गणेश पोल और प्रसिद्ध शीश महल का भी दौरा किया। जयपुर की भीषण गर्मी के बावजूद, रूबियो इस यात्रा का आनंद लेते हुए दिखाई दिए।

पीले और गुलाबी बलुआ पत्थरों से निर्मित यह किला मुख्य शहर से लगभग 11 किलोमीटर दूर एक छोटी पहाड़ी पर स्थित है। राजा मान सिंह ने 16वीं शताब्दी में इसका निर्माण कराया था। रूबियो की यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वह शनिवार को चार दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे थे। इससे पहले सोमवार को रूबियो ने अपनी पत्नी के साथ आगरा में ताज महल का दौरा किया था। रूबियो मंगलवार सुबह दिल्ली लौटेंगे, जहां वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।



