Monday, June 1, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessअमेरिका-ईरान तनाव के बीच सर्राफा बाजार में बड़ा झटका, सोना 2,500 और...

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सर्राफा बाजार में बड़ा झटका, सोना 2,500 और चांदी 5,000 रुपये टूटकर निवेशकों को चौंकाया

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 2,500 रुपये टूटकर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जबकि चांदी 5,000 रुपये गिरकर 2.69 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अमेरिका-ईरान तनाव, मजबूत डॉलर और बढ़ती बॉन्ड यील्ड के कारण कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला।

Gold-Silver Price Today : नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती अनिश्चितता और अमेरिका-ईरान के बीच फिर से बढ़े सैन्य तनाव का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना 2,500 रुपये टूटकर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बाद वैश्विक बाजारों में आई गिरावट से यहां भी सोने कमजोर पड़ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 2,500 रुपये (1.53 प्रतिशत) की गिरावट आई। शुक्रवार को बंद हुई कीमत 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर यह 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई।

सोने चांदी के ताजा भाव

चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट आई और यह 5,000 (या लगभग 2 प्रतिशत) टूटकर 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,74,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोने ने सप्ताह की शुरुआत कमजोर रुख के साथ की, क्योंकि सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया और डॉलर को मजबूत किया।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में हुई बढ़ोतरी का असर भी कीमती धातुओं पर पड़ा, जिससे सोने और चांदी जैसी संपत्तियों में निवेशकों की दिलचस्पी कम हो गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना की कीमत लगभग एक प्रतिशत टूटकर 4,504.97 डॉलर प्रति औंस रह गई। हालांकि, चांदी की कीमत में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 75.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। कोटक सिक्योरिटीज में जिंस शोध विभाग की एवीपी, कायनात चैनवाला ने कहा कि सोमवार को हाजिर सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह 4,500 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 76 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष-विराम के ढांचे को लेकर बनी अनिश्चितता के माहौल में कीमती धातुओं ने सप्ताह की शुरुआत सतर्क रुख के साथ की।

चैनवाला ने कहा कि इस सप्ताह, बाजार के भागीदार अमेरिका के रोजगार आंकड़ों, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की टिप्पणियों पर बारीकी से नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि सर्राफा की कीमतों पर नए संकेतों के लिए कारोबारी पश्चिम एशिया में होने वाले आगे के घटनाक्रमों पर भी नजर रखेंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image