Wednesday, May 6, 2026
HomeLatest Newsटीवीके प्रमुख थलापति विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, राज्यपाल...

टीवीके प्रमुख थलापति विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से की मुलाकात

तमिलनाडु में थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर बहुमत साबित करने का भरोसा जताया। 234 सीटों में से 108 जीतकर टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनी है और अब समर्थन जुटाने की कोशिश में है।

Tamil Nadu Resort Politics : चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक सीटें जीतने वाली टीवीके पार्टी के प्रमुख थलापति विजय (Thalapathy Vijay) मंगलवार को लोक भवन पहुंचे और उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर (Rajendra Vishwanath Arlekar) से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।

तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के सूत्रों ने बताया कि पार्टी संस्थापक ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल अर्लेकर से मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। विजय ने मंगलवार को लोक भवन को ईमेल भेजकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था और बहुमत साबित करने का विश्वास व्यक्त किया था। विजय नीत टीवीके ने राज्य की 234 सीट में से 108 सीटों पर जीत हासिल की है।

कांग्रेस ने दिया विजय की टीवीके को समर्थन

बुधवार को तमिलनाडु के चेन्नई में कांग्रेस विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल टीवीके प्रमुख थलापति विजय के साथ एक अहम बैठक के लिए पनाइयूर स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचा। कांग्रेस विधायकों के टीवीके परिसर में प्रवेश करने के साथ ही प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है, जिसने दोनों दलों के बीच गठबंधन में संभावित बदलाव का संकेत दिया। टीवीके कार्यालय का माहौल गर्मजोशी से भरा रहा और कांग्रेस नेताओं को बंद कमरे में हुई बातचीत के लिए अंदर ले जाया गया।

कांग्रेस नेताओं का टीवीके पार्टी प्रमुख और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार विजय ने माला व रेशमी शॉल पहनाकर स्वागत किया। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस बैठक को ‘शिष्टाचार भेंट’ कहा गया, लेकिन राष्ट्रीय पार्टी के प्रतिनिधियों का नवगठित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिलना रणनीतिक रूप से संबंधों में गर्माहट का संकेत देता है। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, चर्चा में तमिलनाडु के मौजूदा राजनीतिक माहौल पर भी बात हुई। हालांकि दोनों पक्षों ने विशिष्ट रणनीतिक समझौतों के बारे में चुप्पी साध रखी है।

तमिलनाडु में रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरु

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ का दौर शुरू हो गया है। बहुमत से पीछे रहने के बावजूद सरकार बनाने की कोशिशों में जुटी तमिलगा वेट्री कड़गम ने अपने 108 नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के चेंगलपट्टू स्थित एक होटल में ठहराया है। सूत्रों के मुताबिक, इस कदम का मकसद सभी विधायकों को एकजुट रखना और संभावित टूट-फूट से बचाना है, ताकि सरकार गठन की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। इसी बीच, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के भीतर भी हलचल तेज हो गई है। पार्टी में इस बात को लेकर गहरी खींचतान चल रही है कि थलपति विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को समर्थन दिया जाए या नहीं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन घटनाक्रमों से तमिलनाडु में बड़ा सियासी उलटफेर संभव है, जहां हर फैसला सरकार गठन की दिशा तय करेगा।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular